{"vars":{"id": "141324:5161"}}

New Bus stand : हरियाणा के इस शहर में जीटी रोड के पास बनेगा 9.34 करोड़ से हाईटेक बस स्टैंड, तीसरी मंजिल पर मल्टीपर्पज हॉल, टेंडर जारी

 

New Bus stand : गन्नौर में क्षेत्रवासियों और यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधा मिलने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। पुराना बस स्टैंड भवन जर्जर और असुरक्षित होने के कारण इसे गिराकर नए सिरे से बहुमंजिला भवन बनाने की योजना पर काम तेज हो गया है। पीडब्ल्यूडी द्वारा गन्नौर में जीटी रोड के समीप 2 एकड़ के विस्तृत क्षेत्रफल में लगभग 9.34 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक 6-बे बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत -लमुख्यालय भेजने से पहले सुरक्षा मानकों के मद्देनजर भेजी गई फायर स्कीम को अब चंडीगढ़ से आधिकारिक तौर पर मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद इसके निर्माण कार्य को लेकर टेंडर लगा दिया गया है। टेंडर के लिए ऑनलाइन बिड तैयार करने और  सबमिशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 2 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी।

गन्नौर क्षेत्र का लगातार विकास हो रहा है। यहां पर बागवानी मंडी लगातार विकसित हो रही है। इसके साथ एचएसआईआईडीसी के अंदर फेज-3 तैयार हो चुका है। रेल कोच फैक्ट्री भी यहीं पर है। बड़े उद्योग आने के चलते यहां पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। इसके चलते भविष्य की प्लानिंग को देखते हुए यहां पर नया बस स्टैंड बनाने का निर्णय लिया गया।


मल्टीपर्पज व कॉन्फ्रेंस हॉल बनेगा
सामान्यतः बस स्टैंड भवन दो मंजिला बनाए जाते हैं लेकिन गन्नौर के इस नए बस स्टैंड को विशेष रूप से तीन मंजिला बनाया जा रहा है। बस स्टैंड परिसर में 6-बे का निर्माण होगा, जिससे एक समय में छह बसें आसानी से खड़ी हो सकेंगी। इस आधुनिक भवन की तीसरी मंजिल पर एक भव्य मल्टीपर्पज हॉल और कॉन्फ्रेंस हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन हॉल का उपयोग विभागीय बैठकों के आयोजन तथा लंबे रूट पर चलने वाले चालकों व परिचालकों के ठहरने के लिए डॉर्मेट्री के रूप में किया जा सकेगा, जिससे लंबी दूरी की बसों के स्टाफ को विश्राम की बेहतरीन सुविधा मिलेगी।

निर्माणकार्य को लेकर विस्तृत स्टीमेट तैयार 
परियोजना के निर्माण कार्य को लेकर विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। बस स्टैंड परिसर में आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरणों और प्रणालियों को स्थापित किया जाएगा, जिससे आग लगने की आपातकालीन स्थिति में तुरंत काबू पाया जा सके।

एक वर्ष में बनकर तैयार होगा बस स्टैंड
गन्नौर में नए बस स्टैंड के निर्माण को लेकर फायर स्कीम को आवश्यक मंजूरी मिल चुकी है। बस स्टैंड के निर्माण के लिए टेंडर लगा दिया है। इस आधुनिक बस अड्डे के बनने से क्षेत्र के यात्रियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एक वर्ष के भीतर इसका काम पूरा किया जाएगा।
---अनिल चहल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी सोनीपत।