{"vars":{"id": "141324:5161"}}

दिल्ली में गाड़ी ले जाने से पहले जान लें नया नियम, नहीं तो बॉर्डर पर रोक देगी पुलिस 

 

1 November new rule : कल यानि 1 नवंबर के बाद अगर आप दिल्ली जा रहे हैं तो नया नियम जान लें,नहीं तो आपको बॉर्डर से ही वापस लौटना पड़ सकता है, क्योंकि पुलिस दिल्ली में एंट्री तभी करने देगी, जब आपका वाहन BS-6 होगा। जी हां, दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वाहनों के प्रवेश को लेकर सख्ती शुरू हो गई है। 

एक नवंबर से दिल्ली में निर्धारित उत्सर्जन मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लागू किया जा रहा है। इस व्यवस्था को लेकर हरियाणा पुलिस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। भिवानी में पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ जांच अभियान शुरू कर दिया है।

दिल्ली सरकार की अधिसूचना के बाद हरियाणा पुलिस मुख्यालय की यातायात एवं राजमार्ग शाखा ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दिल्ली जाने से पहले अपने वाहन का उत्सर्जन मानक जरूर जांच लें, ताकि बॉर्डर पर परेशानी का सामना न करना पड़े।

दिल्ली बॉर्डर पर बढ़ेगी निगरानी

नए नियमों के तहत एक नवंबर 2026 से दिल्ली में पंजीकृत नहीं होने वाले बीएस-6 से कम उत्सर्जन मानक के मोटर वाहनों को राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसमें निर्धारित मानकों से कम श्रेणी के पेट्रोल और डीजल वाहन शामिल हैं।

नियमों को लागू करने के लिए हरियाणा से दिल्ली जाने वाले प्रमुख रास्तों और बॉर्डर चेक प्वाइंट पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। जांच के दौरान प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोका जा सकता है।

इन वाहनों को मिलेगी छूट

प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू किए जा रहे प्रतिबंध में सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को छूट दी गई है। इसके अलावा एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अधिसूचना के प्रावधानों के अनुसार जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

दिल्ली जाने से पहले जांच लें वाहन का मानक

जिला पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दिल्ली की यात्रा से पहले अपने वाहन की पात्रता सुनिश्चित कर लें। प्रतिबंधित श्रेणी के वाहन लेकर दिल्ली जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है। वाहन चालकों की जागरूकता और नियमों का पालन ही प्रदूषण कम करने के प्रयासों को सफल बना सकता है।