{"vars":{"id": "141324:5161"}}

नरवाना से मात्र 365 रुपए किराया में रोडवेज बस से पहुंचे खाटूश्याम धाम 

 

Narwana to Khatushyam bus time : जींद जिले के नरवाना व आसपास के खाटू श्याम भक्तों के लिए अच्छी खबर है। खाटू भक्त नरवाना से रोडवेज बस में मात्र 365 रुपए किराया लगा कर आराम से बैठ सीधे खाटूश्याम उतर सकते हैं। बता दें कि कुरुक्षेत्र डिपो की ओर से खाटूश्याम धाम के लिए बस सेवा शुरू की गई है।

इस बस सेवा का सबसे अधिक फायदा नरवाना और जींद क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा। अब खाटूश्याम धाम के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को सीधे बस सुविधा का लाभ उठाने के लिए नरवाना पहुंचना होगा। खास बात यह है कि जींद से खाटूश्याम धाम के लिए फिलहाल सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जींद के यात्री नरवाना पहुंचकर इस बस में सफर कर सकेंगे।

बस कुरुक्षेत्र से चलकर सुबह करीब आठ बजकर 20 मिनट से साढ़े आठ बजे के बीच नरवाना पहुंचती है। इसके बाद यहां से हिसार, राजगढ़, चूरू और सीकर होते हुए खाटूश्याम धाम के लिए रवाना होती है। नरवाना से खाटूश्याम धाम की दूरी करीब 340 किलोमीटर है। इस सफर के लिए यात्रियों को 365 रुपये किराया देना होगा।

बस शाम करीब चार बजे खाटूश्याम धाम पहुंच जाती है। वहीं, वापसी में बस सुबह छह बजे के बाद खाटूश्याम धाम से नरवाना के लिए रवाना होती है। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बाबा खाटूश्याम को महाभारत काल के वीर बर्बरीक का स्वरूप माना जाता है।

मान्यता है कि बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान कर दिया था। उनके इस महान बलिदान से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि बाबा श्याम हारे का सहारा बनते हैं और सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी करते हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूश्याम धाम पहुंचते हैं।

कुरुक्षेत्र डिपो की बस नरवाना होकर जाती है खाटूश्याम
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुरुक्षेत्र डिपो की ओर से खाटूश्याम धाम के लिए बस सेवा शुरू की गई है। इस बस के नरवाना से होकर गुजरने से नरवाना के साथ जींद क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। श्रद्धालु नरवाना पहुंचकर बस में सवार हो सकते हैं। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके।
--विजय कुंडू, डीआइ बस स्टैंड नरवाना