हरियाणा के इस जिले में DC व SP समेत सभी बड़े पदों पर महिला अफसर तैनात, नारी शक्ति के हाथ कमान
Jind news : हरियाणा के जींद जिले में डीसी, एसपी समेत सभी बड़े पदों पर अब महिला अफसर तैनात हो गई है। जिले के पांच बड़े महत्वपूर्ण पदों जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, नगराधीश, एसडीएम पर महिला अधिकारी तैनात हैं। इतना ही नहीं जिला परिषद व नगर परिषद की चौधर भी महिलाओं के ही हाथों में है।
मंगलवार को आईपीएस अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट जारी हुई है। इसमें जींद के एसपी कुलदीप सिंह का ट्रांसफर एसपी सीआईडी में हो गया है तो उनकी जगह 2017 बैच की IPS उपासना की नियुक्त जींद में हो गई है।
ऐसे में जिला पुलिस कप्तान महिला हो गई तो वहीं कुछ माह पहले ही आईएएस की ट्रांसफर लिस्ट जारी की गई थी, जिसमें जींद के डीसी मोहम्मद इमरान रजा का ट्रांसफर हो गया था और उनकी जगह 2017 बैच की आईएएस डॉ. वैशाली शर्मा को जींद की जिला उपायुक्त के तौर पर नियुक्ति मिली थी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में भी सिविल सर्जन की जिम्मेदारी डॉ. सुमन कोहली के रूप में महिला पर ही जिम्मेदारी है।
वहीं जींद जिले की नगराधीश भी इस समय 2023 बैच की एचसीएस अधिकारी मोनिका रानी हैं। इसके अलावा आईएएस सुमन यादव उचाना उपमंडल की एसडीएम हैं, इसलिए उचाना की प्रशासनिक व्यवस्था भी महिला शक्ति के हाथ हैं। इसके अलावा उचाना थाना की प्रभारी मोनिका देवी भी महिला हैं।
जिप और नप की चौधर महिलाओं के हाथ
प्रशासन व सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पदों के अलावा जिला परिषद व नगर परिषद की चौधर भी महिलाओं के हाथ में है। जिला परिषद की चेयरपर्सन मनीषा रंधावा हैं तो वहीं नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी हैं।
झज्जर में भी सभी पदों पर तैनात महिला अफसर
हरियाणा में जींद से पहले झज्जर जिले में ऐसा हो चुका है कि सभी प्रशासनिक पदों पर महिला अफसर तैनात थी। उस समय झज्जर की डीसी वर्षा खंगवाल, एसपी आईपीएस डॉ. राजश्री, डीसीपी धारणा यादव, दीप्ति गर्ग, सिटी मैजिस्ट्रेट रीतू बंसीवाल, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, डीडीपीओ निशा तंवर और सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान रह चुकी हैं।