हरियाणा के इस शहर में 7 करोड़ से बनेंगी 4 मुख्य सड़कें, राजस्थान तक फायदा
Haryana news : वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से खस्ताहाल सड़कों की समस्या से जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही भिवानी शहर को जोड़ने वाले 4 क्षतिग्रस्त मुख्य मार्गों के साढ़े 15 किलोमीटर हिस्से का निर्माण करवाएगा।
इसमें 7 करोड़ की लागत से दादरी रोड के देवीलाल चौक से हालुवास बाइपास तक के साढ़े तीन किलोमीटर मार्ग का निर्माण भी शामिल है। यह मार्ग पिछले 5 साल से गड्डों में तब्दील है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
खास बात यह है कि इसे पहली बार आरसीसी पैटर्न पर 7 से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। राजस्थान व गुजरात को जोड़ने वाले इस व्यस्त मार्ग का काम विभागीय मंजूरी में देरी के कारण कोहरे से पहले पूरा नहीं हो सका।
प्रदूषण के कारण निर्माण कार्यों पर लगा है प्रतिबंध
उक्त चारों मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्से की लंबाई साढ़े 15 किलोमीटर है। इनका निर्माण करवाया जाएगा। चारों कार्यों का एक ही टेंडर जारी किया गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संबंधित कंपनी को कार्यों के वर्क ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं। लेकिन बढ़ते प्रदूषण के कारण निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध के चलते काम शुरू होने में देरी हो रही है।
हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे ही क्षेत्र में प्रदूषण स्तर कम होगा, विभाग रोड निर्माण का काम शुरू करवा देगा। खास बात यह है कि सबसे पहले दादरी रोड के देवीलाल चौक से हालुवास बाइपास तक के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण शुरू करवाया जाएगा।
इन क्षतिग्रस्त मार्गों का भी होगा निर्माण
दादरी रोड के हिस्से के साथ विभाग तिगड़ाना मोड़ से जूई नहर तक के मार्ग का भी निर्माण करवाएगा। हांसी रोड का यह हिस्सा तिगड़ाना मोड़ से भिवानी शहर स्थित जूई नहर तक टूटा हुआ है। इस सड़क के नवीनीकरण पर लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत आएगी। जिला कारागार तक भी तारकोल की नई सड़क तैयार की जाएगी।
इस मार्ग की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर से गांव तिगड़ाना, धनाना, प्रेमनगर व बीएलयू में जाने का यह मुख्य मार्ग है। वहीं शहर से हांसी - हिसार फोरलेन मार्ग पर भी इसी मार्ग से होते हुए वाहन पहुंचते हैं।
हांसी रोड के गांव जाटू लोहारी के पास क्षतिग्रस्त मार्ग का भी निर्माण करवाया जाएगा। भिवानी-हांसी फोरलेन मार्ग गांव जाटू लोहारी से बाइपास है। बाइपास से गांव जालोहारी के अंदर से होते हुए फोरलेन तक पहुंचने वाला मार्ग टूटा हुआ है। बीएंडआर विभाग इस मार्ग का भी निर्माण करवाएगा। इस पर भी करोड़ों रुपये की लागत आएगी।
इसी तरह बवानी खेड़ा में फोरलेन बाइपास से लेकर कस्बे के अंदर तक जाने वाले टूटे हुए मार्ग का निर्माण करवाया जाएगा। इस मार्ग पर गांव जादू लोहारी के पास संभावित दुर्घटना स्थल भी बने हुए हैं। इस मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण होने से राहगीरों का आवागमन सुगम हो पाएगा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप मित्तल ने कहा कि दादरी रोड व हांसी रोड के क्षतिग्रस्त हिस्सों के निर्माण कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। प्रदूषण स्तर अधिक होने के कारण निर्माण कार्य शुरू करने में समय लग रहा है। जैसे ही प्रदूषण स्तर कम आएगा, सड़क मार्गों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।