हरियाणा में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं यहां बनेगा 348.28 करोड़ रुपये से 6 मंजिला जिला अस्पताल
हरियाणा में सरकार स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत जहां रेवाड़ी व भिवानी में मेडिकल कॉलेज शुरू कर दिए हैं, वहीं कैथल और जींद में भी मेडिकल कॉलेज का काम तेजी से चल रहा है। अब रेवाड़ी में सरकार ने 348.28 करोड़ रुपये से नया जिला स्तरीय नागरिक अस्पताल बनाने की परियोजना को आगे बढ़ा है।
इसके तहत रेवाड़ी में वर्तमान स्थान पर ही जिला स्तरीय नागरिक अस्पताल का नया भवन बनाया जाएगा। यहां पर 300 बेड के अस्पताल बनने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 348.28 करोड़ रुपये को राशि मंजूरी दे दी है। इसी साल रेवाड़ी के जिला अस्पताल को 200 बेड से बढ़ा कर 300 बेड करने की घोषणा की गई थी।
6 मंजिला बनेगा भवन
रेवाड़ी में बनने वाला जिला अस्पताल का नया भवन 6 मंजिला होगा। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके तीमारदारों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए बेसमेंट में 2 मंजिला पार्किंग बनाई जाएगी।
बजट की कमी से अटका था कार्य
हालांकि यहां बनने वाले जिला स्तरीय अस्पताल को लेकर प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है, लेकिन बजट की कमी से यह काम अटका हुआ था। अब बजट स्वीकृत होने के बाद भवन के लिए ड्राइंग को अंतिम रूप देते हुए काम शुरू करवाया जाएगा। फाइनल होने की उम्मीद भी जगी है। इससे पहले पुराने भवन को तोड़ने का काम शुरू किया जाना है।
इसी साल हुई थी 300 बेड के अस्पताल की घोषणा
बता दें कि सरकुलर रोड के साथ लगती करीब पांच एकड़ जमीन पर संचालक नागरिक अस्पताल की बिल्डिंग 40 साल से भी ज्यादा पुरानी है। जबकि 200 बेड का अस्पताल अपग्रेड होने के बाद चिकित्सकों के लिए बनाई गई नई बिल्डिंग करीब सात साल पुरानी है।