Haryana Job Fair : 30 कंपनियां करेंगी युवाओं की भर्ती, 450 से ज्यादा पदों के लिए इंटरव्यू 16 अक्टूबर को
आईटीआई करके रोजगार का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं को कंपनियों में नौकरी का अवसर देने के लिए मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सिरसा के संयुक्त तत्वावधान में 16 अक्टूबर को आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सिरसा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होगा।
सिरसा के जिला रोजगार अधिकारी डा. कविता ग्रेवाल ने बताया कि युवाओं को रोजगार देने के लिए कंपनियां सुनेहरा मौका दे रही है। इस रोजगार मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों के शिक्षित एवं तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। मेले में 30 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां और औद्योगिक संस्थान भाग लेंगे। इन कंपनियों द्वारा 450 से अधिक रिक्त पदों के लिए युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे तथा योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने जिले के सभी इच्छुक एवं योग्य युवाओं से रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा 16 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे संस्थान के प्रांगण में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। मेले में आने वाले अभ्यर्थी अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड की प्रतियां साथ लेकर आएं, ताकि चयन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकें।