{"vars":{"id": "141324:5161"}}

यूपी पशुओं के लिए सेहत का खजाना बनी हरियाणा की पराली, बढ़ रही मांग

haryana paddy straw
 

हरियाणा में जहां किसान धान की पराली को बोझ मान रहे हैं, वहीं उत्तर प्रदेश में पशुपालक हरियाणा की पराली को बड़े स्तर पर खरीद रहे हैं। क्योंकि यूपी के पशु हरियाणा की पराली को काफी पसंद कर रहे हैं। इसके चलते उत्तर प्रदेश राज्य में हरियाणा से निर्यात हुई धान की पराली के भाव गेहूं के तूड़े से भी अधिक हो चले हैं।

वहीं पशु विशेषज्ञों की मानें तो हरियाणा में अधिकतर किसान बासमती धान की 1121 वैरायटी उगाते हैं। इस धान की पराली एक तो पशु खुश होकर खाते हैं, दूसरा इससे पोषण भी अधिक मिलता है। यही कारण है कि यूपी में पशुपालक हरियाणा की इस पराली को काफी बड़े स्तर पर खरीद रहे हैं।

यूपी के पशुपालकों का कहना है कि हरियाणा से आने वाली 1121 किस्म के धान की पराली पशुओं को पसंद तो आती ही है, साथ ही इससे पशुओं की सेहत भी बेहतर रहती है। इससे दूध उत्पादन भी बढ़ता है। विशेषकर यूपी के शामली जिले में हरियाणा की इस पराली की मांग काफी अधिक है। 
क्योंकि वहां पर किसान धान की 1509 किस्म उगाते हैं। इसकी पराली पशु 1121 के मुकाबले कम पसंद करते हैं। इसके चलते हरियाणा की पराली का भाव भी बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में किसान धान की फसल में कम कीटनाशकों का प्रयोग करते हैं। इससे पशु इसको आसानी से खाते हैं।

भूसे से महंगी हुई पराली
दरअसल किसान पशुओं के चारे के रूप में गेहूं का भूसा स्टोर करते हैं। लेकिन इस बार धान की पराली की मांग काफी बढ़ी है। इसके कारण अब पराली गेहूं के भूसे के मुकाबले महंगी बिक रही है। भूसा करीब 900 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है, जबकि धान की पराली की कीमत प्रति क्विंटल 1400 रुपये तक पहुंच गई है।