{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के इस शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति, सड़क को 6-लेन करने के लिए ₹43.35 करोड़ मंजूर

 

Hisar news : हरियाणा सरकार द्वारा रोड कंस्ट्रक्शन पर सबसे ज्यादा फोकस किया जा रहा है। चारों तरफ नेशनल हाईवे के जाल तो बिछे ही हैं, साथ ही शहर के अंदर वाली सड़कों को भी चौड़ा किया जा रहा है, ताकि जाम न लगे। इसी कड़ी में हिसार शहर में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए सरकार ने पुराने दिल्ली रोड को 6-लेन में अपग्रेड को प्रशासनिक मंजूरी दी है। 

सिविल अस्पताल चौक के निकट स्लिप रोड बनाए जा रहे हैं। इसके बाद आगामी दो माह में 6 लेन का काम शुरू हो सकता है। राज्य सरकार ने इसके लिए 43 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपए (43.35 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इस परियोजना में पुराने दिल्ली रोड पर तुलसी चौक (सिविल अस्पताल चौक) से सिरसा चुंगी तक करीब 1.68 किलोमीटर लंबे हिस्से को शामिल किया है।

अभी यह सड़क 4-लेन है, जिस पर दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही और ओवर लैपिंग की वजह से ट्रैफिक जाम बना रहता है। इसे चौड़ा करके 6-लेन बनाया जाएगा। सड़क का मजबूतीकरण कर नया ब्लैकटॉप भी बिछाया जाएगा। 

6-लेन बनने से ये होंगे फायदे 

  1. 1. ट्रैफिक जाम से मुक्ति : तुलसी चौक से सिरसा चुंगी मार्ग 6-लेन होने से रोज सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी। 
  2. 2. समय और ईंधन की बचत : सुगम आवागमन से यात्रा समय में कटौती होगी, गाड़ियों के पेट्रोल-डीजल की बचत होगी।
  3. 3. व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेगी: मुख्य मार्ग के प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की पहुंच आसान हो जाएगी

सड़क रखरखाव नीति के तहत ओडीआर सड़कों पर 5 साल का नवीनीकरण लॉक-इन नियम होता है। प्रोजेक्ट को बिना देरी के तुरंत शुरू करने के लिए सरकार ने 5 साल के इस नियम में विशेष छूट प्रदान कर दी है।

सरकार की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि इस मार्ग के डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (DLP) की समयपूर्व क्लियरेंस और पीएमजीएसवाई पैटर्न के अनुसार आवश्यक रिकवरी की प्रक्रिया को भी मंजूरी दे दी गई है।