स्वीडन की तर्ज पर बदलेंगे हरियाणा के शहर, जमीन के नीचे जाएगा कचरा, पार्कों में सहेजेंगे बारिश का पानी
Haryana news : चंडीगढ़। हरियाणा के शहरों में अब सफाई व्यवस्था, जल संरक्षण और शहरी हरियाली को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश का शहरी स्थानीय निकाय विभाग स्वीडन की तर्ज पर आधुनिक कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण मॉडल लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत शहरों में कचरे का संग्रहण जमीन के नीचे बने केंद्रों में किया जाएगा, जबकि पार्कों में भूमिगत टैंक बनाकर बरसाती पानी को सहेजने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने इस दिशा में संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं और कुछ शहरों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इन व्यवस्थाओं को लागू करने की योजना बनाई जा रही है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों ने 14 से 17 अक्तूबर तक स्वीडन का दौरा किया था।
इस दौरान अधिकारियों ने स्टॉकहोम के रॉयल सीपोर्ट और हम्मारबी शोस्टाड में आधुनिक नागरिक सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। दौरे में शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, स्वच्छ भारत मिशन की निदेशक शरणदीप कौर बराड़, शाश्वत सांगवान सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
हर 200 मीटर पर पार्क, भूमिगत टैंकों में जमा होगा बरसाती पानी
स्वीडन के शहरों में अधिकारियों ने देखा कि करीब हर 200 मीटर की दूरी पर पार्क विकसित किए गए हैं। इन पार्कों में ही भूमिगत टैंक बनाए गए हैं, जिनमें बरसात का पानी एकत्रित किया जाता है। बाद में इस पानी का इस्तेमाल दोबारा किया जा सकता है।
इससे जल संरक्षण के साथ-साथ शहरों में हरियाली बनाए रखने में मदद मिलती है। हरियाणा में भी इसी मॉडल के आधार पर पार्कों में बरसाती पानी के संग्रहण की व्यवस्था विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
एटीएम कार्ड की तरह स्वाइप करते ही खुलेगा डस्टबिन
स्वीडन में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी काफी आधुनिक है। वहां घरों से कचरा लेकर आने वाले लोगों को एक विशेष कार्ड दिया जाता है। एटीएम कार्ड की तरह इस कार्ड को स्वाइप करने पर कचरा डालने वाला डस्टबिन खुल जाता है।
कचरा डालने के बाद विशेष तकनीक की मदद से वह करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भूमिगत संग्रह केंद्र तक पहुंचता है। वहां कचरा खाली होने के बाद सिस्टम दोबारा अपनी जगह पर लौट आता है। इस व्यवस्था से सड़कों पर कचरे के ढेर लगने और खुले में कचरा रखने की समस्या को कम किया जा सकता है।
पांच क्षेत्रों में लागू होंगे आधुनिक मॉडल
स्वीडन दौरे के दौरान अधिकारियों ने पांच प्रमुख क्षेत्रों में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। इनमें वेस्ट वाटर मैनेजमेंट, कचरा प्रबंधन, बरसाती पानी का संग्रहण, शहरी हरियाली और अनुपयोगी वस्तुओं की रीसाइक्लिंग शामिल हैं। वहां बेकार वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करके नए उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिससे कचरे की मात्रा कम करने में मदद मिलती है।
शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा के अनुसार, स्वीडन में बरसाती पानी को पार्कों के अंदर बने भूमिगत टैंकों में एकत्रित किया जाता है, जिसका दोबारा उपयोग होता है। इसी तरह कचरे के निस्तारण के लिए भी अत्याधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है।