{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा को 2 माह भीतर मिलेगा नया रिंग रोड, 23 गांवों को जोड़ेगा 1800 करोड़ का सिक्स लेन रोड 

 

Haryana New Ring Road : हरियाणा को दो महीने भीतर एक नए रिंग रोड की सौगात मिल जाएगी। इस रिंग रोड से जहां शहर के अंदर ट्रैफिक जाम कम होगा तो वहीं दिल्ली और पंजाब की तरफ जाने वाले वाहनों को भी बाईपास मिल जाएगा और रिंग रोड से होते हुए शहर के ऊपर से घूमकर निकल जाएंगे। 1800 करोड़ के इस रिंग रोड का 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया और यह 23 गांवों को जोड़ेगा। 
बता दें कि करनाल और आसपास के इलाकों में आने वाले समय में सफर का अनुभव बदलने वाला है। शहर को भारी वाहनों के दबाव से मुक्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए तैयार किया जा रहा ग्रीनफील्ड रिंग रोड अब पूरा होने के करीब है।

करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस छह लेन हाईवे का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम निपटने के बाद जनवरी तक इसे शुरू किए जाने की उम्मीद है। करीब 34.5 किलोमीटर लंबा यह मार्ग नेशनल हाईवे-44 से जुड़कर दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाले वाहनों को नया विकल्प देगा।

इसके शुरू होने से दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को करनाल शहर के बीच से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे शहर की मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की संभावना है।

दो काम पूरे होते ही तैयार होगा हाईवे

रिंग रोड का ज्यादातर निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अंतिम चरण में दो महत्वपूर्ण कार्य बाकी हैं। एनएचएआई के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी भानू के अनुसार कुटेल रोड पर हल्के वाहनों के लिए एलवीयूपी (लाइट व्हीकुलर अंडरपास) का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा बीबीएमबी की हाईटेंशन बिजली लाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना है।

एक हाईवे से जुड़ेंगे कई प्रमुख सड़क मार्ग
इस परियोजना की खासियत यह है कि यह केवल करनाल शहर के बाहर से निकलने वाला रास्ता नहीं होगा, बल्कि जिले के कई प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ने का काम करेगा। इसका मुख्य हिस्सा शामगढ़ गांव के पास विवान होटल के नजदीक से शुरू होकर दरड़, नेवल, शेखपुरा और गंजोगढ़ी होते हुए कुटेल गांव के पास प्रस्तावित टोल प्लाजा तक पहुंचेगा।

इसकी दूसरी अलाइनमेंट पश्चिमी यमुना नहर की पटरी के साथ बनी सड़क से जुड़ते हुए कैथल रोड को पार करेगी और बड़ौता, खरकाली तथा झिमरहेड़ी से होकर एनएच-44 तक पहुंचेगी। इस तरह मेरठ रोड, कुंजपुरा रोड, इंद्री रोड और कैथल रोड की तरफ आवागमन करने वालों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

तीन क्षेत्रों के 23 गांवों को होगा फायदा

रिंग रोड का नेटवर्क करनाल जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों के 23 गांवों को जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। नीलोखेड़ी खंड के शामगढ़, दादूपुर, झंझाड़ी, कुराली, दरड़, सलारू, टपराना, दनियालपुर और नेवल गांव इससे जुड़ेंगे।

इसी प्रकार करनाल क्षेत्र के कुंजपुरा, सुभरी, छपराखेड़ा, सुहाना, शेखपुरा, रांवर, गंजोगढ़ी, बड़ौता, कुटेल और ऊंचा समाना को कनेक्टिविटी मिलेगी। घरौंडा क्षेत्र के खरकाली, झिमरहेड़ी, समालखा और बिजना गांव भी इस परियोजना से लाभान्वित होंगे। करीब 60 मीटर चौड़े इस छह लेन मार्ग पर पक्के शोल्डर भी बनाए जा रहे हैं। इससे वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध होगी।

2023 में शुरू हुई थी परियोजना, तय समय से पीछे चल रहा निर्माण
यह रिंग रोड भारतमाला परियोजना के तहत लॉट-4/पैकेज-1 का हिस्सा है। इसकी अनुमानित लागत करीब 1800 करोड़ रुपये है और केंद्र तथा हरियाणा सरकार की इसमें 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है। निर्माण का जिम्मा एचजी इंफ्रा कंपनी को सौंपा गया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 20 जून 2023 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। इसके बाद 31 अगस्त 2023 को निर्माण कार्य शुरू हुआ। शुरुआत में इसे 30 अगस्त 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से काम तय समय पर पूरा नहीं हो पाया। अब निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग का ध्यान बचे हुए कार्यों को पूरा करने पर है।