{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Haryana School : हरियाणा के सरकारी स्कूल होंगे डिजिटल, 719 उत्कृष्ट स्कूलों में इसी साल बनेगी आईसीटी लैब

 

हरियाणा के सरकारी स्कूलों को डिजिटल बनाने के लिए सरकार द्वारा रुपरेखा तैयार की गई है। बदलते समय के अनुसार बच्चों को डिजिटल शिक्षा देने के लिए आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएगी। जहां पर बचपन से ही विद्यार्थी कंप्यूटर की शिक्षा ले सके और उनका इस सेक्टर में बौद्धिक ज्ञान हो सके।

मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों की समीक्षा करने के बाद इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 719 उत्कृष्ट स्कूलों में कम से कम 10 कंप्यूटर की एक आईसीटी लैब इसी साल स्थापित की जाएगी। इसके बाद दूसरे स्कूलों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। जहां पर चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के स्कूलों को पूरी तरह से डिजिटल बनाया जाएगा। 

हारट्रोन के माध्यम से स्थापित होगी लैब 

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में लैब स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल जिन स्कूलों का लैब स्थापित करने का चयन किया है, उनके लिए कंप्यूटर खरीदने का काम हारट्रोन की तरफ से किया जा रहा है। हारट्रोन द्वारा कंप्यूटर खरीदने के बाद इनको स्कूलों में स्थापित किया जाएगा और वहां पर आधुनिक लैब स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों को आदेश दिए कि इस काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थी कंप्यूटर शिक्षा अपने ही स्कूल में ले सके। 

स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन हटाने के आदेश 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तारें गुजर रही हैं उन्हें हटवाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में खेलों का सामान भी प्राथमिकता के आधार पर टेंडर करके भिजवाया जाए ताकि स्कूली स्तर से ही बच्चों में खेल की भावना पैदा हो सके। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने, पार्टटाईम स्वच्छता कर्मियों के अनुबंध, गैर-शिक्षक कार्यों के लिए अलग से कैडर बनाने, शिक्षकों के मेडिकल व एलटीसी बिलों की स्थिति की भी समीक्षा की और इनके संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।