Haryana Roadways : गोहाना से वाया भिवानी होते हुए खाटूश्याम तक चलेगी रोडवेज बस, वैष्णो देवी भक्तों को भी मिली नई बस
हरियाणा रोडवेज ने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाटू श्याम और मां वैष्णो देवी के लिए बसों का संचालन को बढ़ा दिया है। रोडवेज प्रशासन ने गोहाना बस डिपो से सीधे राजस्थान स्थित खाटू धाम के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। बुधवार को डिपो अधिकारियों की अहम बैठक में इसका रूट मैप भी फाइनल कर लिया गया है।
जिले से प्रत्येक माह हजारों श्रद्धालु राजस्थान के सीकर स्थित खाटू धाम पहुंचते हैं। अब तक सीधे परिवहन साधन के अभाव में यात्रियों को पहले रोहतक जाना पड़ता था और वहां से रींगस तक ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। रींगस उतरने के बाद श्रद्धालुओं को खाटू धाम तक जाने के लिए आटो या निजी टैक्सियों के मनमानी सहनी पड़ती थी।
इससे यात्रियों के समय और जेब दोनों पर भारी असर पड़ता था। ऐसे में अब गोहाना बस डिपो से शुरू होने वाली यह रोडवेज की बस भिवानी होते हुए सीधे खाटू पहुंचेगी, जिससे भक्तों को बार-बार वाहन बदलने के झंझट से पूरी तरह राहत मिलेगी और यात्री सुविधा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।
वैष्णो देवी जाने वालों को भी फायदा
बैठक में माता वैष्णो देवी के दरबार (कटरा) जाने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत पर भी गहन मंथन हुआ। मौजूदा समय में सोनीपत बस डिपो से कटरा रूट पर तीन नियमित बसे संचालित की जा रही हैं। मानसून बीतने और नवरात्र शुरू होने के बाद इस रूट पर यात्रियों का भारी दबाव देखा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बस की समय सारिणी (टाइम टेबल) पर काम चल रहा है। उचित स्लाट निर्धारित होते ही कटरा के लिए एक अतिरिक्त बस रवाना की जाएगी।
एक साल पहले शुरू की खाटूश्याम के लिए बस
वर्ष 2025 में सोनीपत बस डिपो से भी खाटू श्याम के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई थी, जिसे बाद में यात्री भार घटने के कारण स्थगित कर दिया गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गोहाना से सफल संचालन और त्योहारी सीजन में यदि सोनीपत डिपो पर डिमांड बढ़ती है तो सोनीपत से भी खाटू धाम रूट को तुरंत प्रभाव से दोबारा बहाल कर दिया जाएगा
रोडवेज डिपो के स्टेशन सुपरिंटेंडेंट सुरेन्द्र दुग्गल ने बताया कि गोहाना डिपो से भिवानी होते हुए खाटू धाम तक बस चलाने का फैसला लिया गया है। कागजी औपचारिकताएं पूरी होते ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, कटरा रूट पर भी यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बस चलाने पर विचार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है।