Haryana Roadways : रोडवेज में बड़ी कार्रवाई, नाइट स्टाप नियम तोड़ने पर चालक-परिचालक पर गिरी गाज
हरियाणा रोडवेज के दो कर्मचारियों को बस के रात्रि के बस ठहराव में नियम तोड़ने पर गाज गिरी है। रोडवेज विभाग के रिकार्ड में बस का ठहराव नारनौल में था, लेकिन चालक व परिचालक इस नियम को तोड़कर इसका ठहराव कुंड में करते थे। हरियाणा रोडवेज महाप्रबंधक के मामला संज्ञान में आने पर चालक व परिचालक दोनों को निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि चालक व परिचालक दोनों ही कर्मचारी यूनियन के प्रधान व सचिव है। रोडवेज महाप्रबंधक ने एक माह पहले ही इस बस का रात्रि ठहराव कुंड की बजाय नारनौल कर दिया गया था। पहले यह बस कुंड अड्डे पर ही रात्रि ठहराव करती थी। वहीं कुंड के नजदीक ही चालक-परिचालक के गांव पड़ते हैं, इसलिए वह पहले से ही वहीं नाइट करते आ रहे थे।
रात्रि ठहराव बदलने के बावजूद चालक व परिचालक द्वारा बस को कुंड में रात्रि ठहराव किया जाता था। इस मामले में चालक परिचालक की तरफ विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी गई कि रात्रि ठहराव पर जाते समय कुंड में बस खराब हो गई थी, इसलिए उन्हें वहीं रुकना पड़ा। जबकि विभाग का कहना है कि शाम को बस खराब होने की सूचना चालक व परिचालक ने न तो बस अड्डा नारनौल के इंचार्ज को दी और न ही मुख्यालय को इसके बारे में सूचित किया है। रेवाड़ी डिपो के स्टैंड इंचार्ज की रिपोर्ट के आधार पर ही चालक-परिचालक पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
रोडवेज कर्मचारियों को मिलता है रात्रि भत्ता
हरियाणा रोडवेज द्वारा रात्रि ठहराव पर चालक व परिचालक को भत्ता दिया जाता है। इस बस का भी नारनौल में ठहराव के दौरान चालक व परिचालक को नाइट भत्ता व अन्य सुविधाएं दी जाती है। इसके बावजूद चालक व परिचालक ने मनमाने तरीके से कुंड में बस खड़ी करने का आरोप लगा है। दोनों चालक-परिचालक रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान व सचिव बताए जा रहे हैं।
रोडवेज महाप्रबंधक निरंजन कुमार ने बताया कि नारनौल की बजाय बस का रात्रि ठहराव करने के चलते चालक-परिचालक को निलंबित किया गया है। इसी प्रकार की लापरवाही से तो डिपो में व्यवस्था ही खराब हो जाएगी। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि बस खराब हुई थी तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित शाखा में देनी चाहिए थी।