{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Haryana Rapid Rail : हरियाणा में करनाल, रेवाड़ी तक दौड़ सकती है रैपिड रेल, लाखों लोगों को फायदा 

 

Haryana Rapid Rail : दिल्ली एनसीआर में मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल का दायरा बढ़ता जा रहा है तो इसका विस्तार हरियाणा तक आ पहुंचा है। दिल्ली से सोनीपत, पानीपत, करनाल के अलावा रेवाड़ी तक नमो भारत रैपिड रेल के विस्तार की संभावना जागी है, क्योंकि रेलवे ने दिल्ली से करनाल और गुरुग्राम होते हुए राजस्थान के अलवर की तरफ रैपिड रेल चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है।

योजना के सिरे चढ़ने के बाद नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और कारोबारियों को लंबी दूरी तय करने के लिए एक नया विकल्प मिल सकता है। आपको बताते चलें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के अनुसार, दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ कॉरिडोर को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी अभी बाकी है। NCRTC की परियोजना संबंधी जानकारी के मुताबिक, इन प्रस्तावित मार्गों के स्टेशन और कुछ अन्य विवरण अंतिम मंजूरी के बाद तय होंगे।

136 किलोमीटर लंबा होगा दिल्ली-करनाल रूट

हरियाणा के लिहाज से दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब 136 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित रूट के जरिए दिल्ली को सोनीपत, गन्नौर, समालखा, पानीपत और करनाल जैसे शहरों से जोड़ा जाएगा। हरियाणा सरकार इस परियोजना को मंजूरी दे चुकी है, जबकि केंद्र सरकार के स्तर पर इसकी प्रक्रिया जारी है।

इस कॉरिडोर से जीटी रोड क्षेत्र में रहने वाले उन लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नौकरी, पढ़ाई या कारोबार के लिए नियमित रूप से दिल्ली आना-जाना पड़ता है। रेलवे का दूसरा बड़ा प्रोजक्ट दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी-अलवर नमो भारत कॉरिडोर है।

NCRTC  के प्रस्ताव में इस मार्ग की कुल लंबाई करीब 196 किलोमीटर बताई गई है। इसके जरिए दिल्ली और गुरुग्राम को मानेसर, रेवाड़ी, बावल तथा राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने की योजना है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां और रोजगार के अवसर हैं। ऐसे में तेज रेल कनेक्टिविटी मिलने पर कर्मचारियों को रोजाना आने-जाने में सुविधा मिल सकती है। 

नमो भारत के तीन साल पूरे 

नमो भारत सेवा की शुरुआत अक्टूबर 2023 में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के साहिबाबाद-दुहाई खंड से हुई थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इस मार्ग का विस्तार किया गया। फरवरी 2026 से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ का पूरा 82.15 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर यात्रियों के लिए चालू हो गया। अब दिल्ली से हरियाणा और राजस्थान की ओर प्रस्तावित नए मार्गों पर आगे की प्रक्रिया चल रही है।