{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के 9 जिलों में होगी बारिश, लुढकेगा पारा

 

पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा के 9 जिलों में बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD का कहना है कि शनिवार व रविवार को मौसम का मिजाजा बदला रहेगा। इसके कारण तापमान में भी काफी कमी आएगी। 

दरअसल इस बार मानसून के मौसम में हरियाणा सूखा रहा। वहीं अब मानसून लौटने के बाद लगातार बारिश का मौसम बन रहा है। एक बार फिर हरियाणा में हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर देखा जा रहा है। IMD चंडीगढ़ का कहना है कि शनिवार को प्रदेश के 9 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके साथ गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। 

इससे पहले शुक्रवार को ही हरियाणा में मौसम बदल गया था। इससे प्रदेश के राजस्थान के साथ लगते क्षेत्रों चरखी दादरी और रेवाड़ी में बारिश दर्ज की गई थी। इसके साथ ही ओले भी गिरे थे। इससे मौसम में ठंड बढ़ गई है। हालांकि  दिन के समय गर्मी बनी हुई है, लेकिन सुबह शाम के समय हल्की ठंड शुरू हो गई है। 

इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जींद, हिसार, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत  कुरुक्षेत्र और पानीपत बारिश होने का अनुमान सबसे अधिक है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। 

धान की फसल पर संकट

इस समय बारिश होने से धान की फसल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। क्योंकि या तो किसानों की फसल पक कर खेत में तैयार है, या फिर धान मंडियों में आ चुका है। दोनों ही सूरत में इस समय की बारिश नुकसान करेगी। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कुछ जगह पर तो मंडियों में रखे धान के अंकुरित होने मामले भी आए थे। 

किसान रखें सावधानी

वहीं मौसम में बदलाव के चलते कृषि विभाग ने भी किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कृषि विशेषज्ञ डा. सुभाष चंद्र के अनुसार फिलहाल किसान कोई भी बिजाई टाल लें। यदि बाजरा कटा हुआ है तो इसको बारिश से बचाने के लिए उचित प्रबंध कर लें। साथ ही कपास की चुगाई को रोक दें।