{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा खाप पंचायतों का ऐलान : लव मैरिज से पहले माता-पिता की मंजूरी जरूरी, लिव-इन पर आपत्ति

 

Khap Panchayat : हरियाणा में लिव इन रिलेशनशिप समेत दूसरी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ खाप पंचायतें मुखर हो गई है। इसी कड़ी में रोहतक के इस्माईला गांव के सरकारी स्कूल में रविवार को विभिन्न खापों की पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें  लिव-इन रिलेशनशिप पर गहरी आपत्ति जताते हुए प्रेम विवाह में माता-पिता की सहमति अनिवार्य करने की मांग उठाई गई।

पंचायत में सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने और पारिवारिक व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। पंचायत की अध्यक्षता गांव के बुजुर्ग ओमप्रकाश ने की। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण निर्णय में माता-पिता की सहमति और परिवार की भागीदारी जरूरी है। खाप प्रतिनिधियों ने भी कहा कि प्रेम विवाह में अभिभावकों की सहमति सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सामाजिक और पारिवारिक संबंधों में संतुलन बना रहे।

कानून में संशोधन की मांग

खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि वे लंबे समय से संबंधित कानूनों में संशोधन या उन्हें निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मुलाकात की जा चुकी है। पंचायत में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में किए गए संशोधन का स्वागत किया गया। प्रतिनिधियों ने हरियाणा सरकार से भी इसी तरह के कदम उठाने की अपील की।

नशे और फिजूलखर्ची पर भी चिंता

पंचायत में सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इसके साथ ही विवाह समारोह रात के बजाय दिन में आयोजित करने और शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लगाने का सुझाव दिया गया। पंचायत में मौजूद प्रतिनिधियों ने कहा कि सामाजिक परंपराओं को मजबूत करने और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है।