बेटियों का सम्मानित करेगी हरियाणा सरकार, 30 नवंबर तक करें आवेदन
Haryana News-VOP: अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली बेटियों को हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान खेल, शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक कार्य, वीरता और साहित्य क्षेत्रों में प्रतिभाशाली बालिकाओं के लिए है। यह पुरस्कार पाने के लिए 30 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
इस पुरस्कार के लिए जिन बालिकाओं का चयन होगा, 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा। इसको लेकर जींद उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।VOP
इसके लिए विभाग द्वारा जिले की प्रतिभाशाली बालिकाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक कार्य, मीडिया एवं साहित्य, वीरता, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाएं इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकती हैं। चयनित बालिकाओं को 11 हजार रुपये की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
विभिन्न श्रेणियों के तहत मिलेंगे पुरस्कार
खेल श्रेणी : डीसी ने बताया कि किसी भी खेल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई भी स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाएं आवेदन कर सकती हैं। इस श्रेणी में 20 पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन खेल एवं युवा विभाग की अनुशंसा के बाद ही स्वीकार किए जाएंगे।
सांस्कृतिक श्रेणी
गीत, संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक परंपराओं, प्रदर्शन कला, पेंटिंग एवं लेखन आदि क्षेत्रों में राज्य या केंद्र सरकार द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाली बालिकाएं पात्र होंगी। इस श्रेणी में 10 पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अनुशंसा के बाद स्वीकार किए जाएंगे।VOP
सामाजिक कार्य श्रेणी सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने में अनुकरणीय योगदान देने वाली बालिकाओं को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत दो पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन उपायुक्त की अनुशंसा के बाद स्वीकार किए जाएंगे।
मीडिया एवं साहित्य श्रेणी मीडिया एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाओं को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत दो पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। आवेदन उपायुक्त की अनुशंसा के बाद स्वीकार किए जाएंगे।
वीरता श्रेणी: असाधारण साहस एवं बहादुरी का परिचय देने वाली बालिकाओं को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत तीन पुरस्कार दिए जाएंगे। VOP
चयन के लिए राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार को अनुशंसा भेजी जाएगी।
विशेष एवं दिव्यांग बालिका श्रेणी: शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक कार्य, मीडिया, बहादुरी सहित किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली विशेष एवं दिव्यांग बालिकाएं इस श्रेणी में आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा 60 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता प्रमाणित होना अनिवार्य है। इस श्रेणी में पांच पुरस्कार दिए जाएंगे तथा आवेदन सक्षम अधिकारी की अनुशंसा के बाद स्वीकार किए जाएंगे।VOP
बाल देखभाल संस्थानों के बच्चों की श्रेणी: हरियाणा के बाल देखभाल संस्थानों (सीसीआई) में रहने वाले बच्चों द्वारा शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक कार्य, मीडिया, बहादुरी सहित किसी भी क्षेत्र में अनुकरणीय उपलब्धि हासिल करने पर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस श्रेणी में पांच पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास ऐसी प्रतिभाशाली बालिकाओं की पहचान कर उन्हें इस सम्मान के लिए आवेदन करने हेतु प्रोत्साहित करें, ताकि उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों को उचित पहचान मिल सके।
उन्होंने बताया कि इच्छुक बालिकाएं 30 नवंबर 2026 तक अपना पूर्ण बायोडाटा, आवासीय पता, नवीनतम फोटो तथा हासिल की गई उपलब्धि से संबंधित प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित अपना आवेदन स्वयं उपस्थित होकर महिला एवं बाल विकास विभाग जींद के कार्यालय लघु सचिवालय, प्रथम तल, कमरा नंबर-5, उपभोक्ता न्यायालय (कंज्यूमर कोर्ट) के निकट, जींद में जमा करवा सकते है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01681-245003 अथवा मोबाइल नंबर 9728022088 पर संपर्क किया जा सकता है।