Haryana Electricity Strike : बिजली हड़ताल के दौरान हुई परेशानी तो हेल्पलाइन नंबर 1912 पर करें कॉल, मिलेगी मदद
Haryana Electricity Strike : हरियाणा में 22 से 25 अक्तूबर तक प्रदेश भर के बिजली कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं। कर्मचारियों ने दावा किया है कि हड़ताल के दौरान किसी तरह का बिजली फॉल्ट आता है तो कर्मचारी ठीक नहीं करेंगे।
ऐसे में प्रशासन भी अलर्ट हो गया है और सभी जिलों के जिला उपायुक्तों द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि बिजली से संबंधित समस्या के दौरान कॉल कर मदद ली जा सके। जींद की डीसी डा. वैशाली शर्मा ने बुधवार को 22 से 24 अक्टूबर तक बिजली निगम के कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने व किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए। पुलिस विभाग भी पूरी तरह सतर्क रहेगा और स्थिति पर नजर रखेगा। डीसी ने आमजन से हड़ताल के दौरान शांति व व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
बिजली आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या अप्रिय घटना की सूचना टोल फ्री नंबर 1912 पर दी जा सकती है, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री ने जिला के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, आमजन को बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
वहीं डीसी ने बिजली निगम के कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा है, वे हड़ताल पर जाने के बजाय बातचीत के माध्यम से अपनी बात रखें, ताकि आमजन को बिजली संबंधित परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।