{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Gurugram : मात्र 15 रुपए में AC इलेक्ट्रिक बस का सफर, 9 रूटों पर 35 ई बसों का ट्रायल शुरू

 

Gurugram E Bus Rout : साइबर सिटी में अब लोगों को शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचने के लिए महंगे निजी वाहनों या कैब पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन को विस्तार देने की दिशा में 71 नई इलेक्ट्रिक बसें सिटी बस सेवा के बेड़े में शामिल की गई हैं।

इनमें से 35 बसों को 9 अलग-अलग रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल के तौर पर उतार दिया गया है। खास बात यह है कि इन बसों के जरिए गुरुग्राम से पटौदी और द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

नई बसों के संचालन से शहर के उन आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है, जहां अभी तक सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्प उपलब्ध थे। शेष 36 इलेक्ट्रिक बसों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें भी सेवा में शामिल किया जाएगा।

सेक्टर-10 डिपो से शुरू हुआ संचालन
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) की ओर से फिलहाल सभी नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सेक्टर-10 स्थित बस डिपो से किया जा रहा है। शुरुआती चरण में नौ रूटों पर बसें चलाकर यात्रियों की संख्या, रूट की जरूरत और संचालन व्यवस्था का परीक्षण किया जा रहा है।

जीएमसीबीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी के अनुसार, नई बसों के आने से शहर में सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा। इनका इस्तेमाल नए रूट शुरू करने के साथ मौजूदा रूटों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए भी किया जाएगा।

मेट्रो, रेलवे स्टेशन और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ेंगे इलाके
नई इलेक्ट्रिक बसों का रूट नेटवर्क इस तरह तैयार किया गया है कि शहर के अलग-अलग सेक्टरों को मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों से जोड़ा जा सके। गुरुग्राम बस स्टैंड से हेलीमंडी होते हुए पटौदी रेलवे स्टेशन तक बस सेवा उपलब्ध होगी। इसी तरह आईएमटी चौक से द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बस चलने से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा विकल्प मिलेगा।

सेक्टर-99 ए के कान्सिएंट हैबिटेट से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-37 के पेस सिटी-2 से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-99ए से केंद्रीय विहार तक भी बस सेवा संचालित होगी।इसके अलावा गुरुग्राम बस स्टैंड से गुरुग्राम विश्वविद्यालय होते हुए ढाणा मोड़, भोंडसी पुलिस चौकी से महावीर चौक स्थित गौशाला मैदान और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ढाणा मोड़ तक भी इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों को परिवहन सुविधा देंगी।

कम दूरी के सफर के लिए 15 रुपये किराया

इन बसों में सफर करने वालों के लिए दूरी के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है। यात्रियों को छह किलोमीटर तक की दूरी के लिए 15 रुपये देने होंगे। छह से 13 किलोमीटर तक का किराया 25 रुपये और 13 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 35 रुपये रखा गया है। इस तरह कम दूरी का सफर करने वाले लोगों को भी किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।