{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में शहरों की तरह चमकेंगे गांव, 142 ब्लॉकों में लगेंगी कूड़ा छंटाई मशीनें, बनेगी खाद, किसानों को मिलेगी

 

Haryana news : हरियाणा के गांव भी अब शहरों की तरह कूड़ा मुक्त व चमकते नजर आएंगे। प्रदेश भर के 142 ब्लॉकों में सेग्रीगेशन मशीनें यानि कूड़ा छंटाई की मशीनें स्थापित की जाएंगी और कूड़े का निस्तारण करते हुए इससे खाद बनाई जाएगी। यह खाद जरूरतमंद किसानों को दी जाएगी। 

बता दें कि सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा ग्रामीण के तहत गांवों को कूड़ा मुक्त करने का निर्णय लिया है। सरकार द्वारा अब तक शहरी स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से शहरों की सफाई व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए हर साल हर नगर पालिका से लेकर नगर निगम क्षेत्र तक कूड़े को एकत्रित करने से लेकर उसका निस्तारण कराने के लिए बड़े स्तर पर टेंडर दिए जाते हैं। 

शहरों की सफाई के आधार पर उनकी स्वच्छता रैंकिंग भी तय होती है। इसी तर्ज पर अब सरकार ने गांवों को कूड़ा मुक्त बनाने पर जोर दिया है। हालांकि, गांवों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है लेकिन अब तक कूड़े का बेहतर निस्तारण नहीं हो पा रहा है। अब सरकार ने प्रदेश के सात हजार से अधिक गांवों में स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा ग्रामीण के तहत बेहतर तरीके से कूड़े का प्रबंधन कराने का निर्णय लिया है। 

गांवों से निकलने वाला कूड़ा आवश्यक संसाधनों के माध्यम से एकत्रित कराया जाएगा। इसके बाद उसे संबंधित ब्लॉक हेडक्वार्टर पर ले जाया जाएगा। यहां कूड़े का निस्तारण करने के लिए हर ब्लॉक पर सेग्रीगेशन मशीन लगाई जाएगी। यह मशीन ठोस कूड़े को अलग करने के अलावा खाद भी तैयार करेगी। इसके बाद आसपास के जरूरतमंद किसान वहां से खाद भी ले सकेंगे।

हर यूनिवर्सिटी में बायोगैस प्लांट लगाने की भी योजना

प्रदेश में 60 से अधिक यूनिवर्सिटी हैं। इन यूनिवर्सिटी के छात्रावासों में हजारों छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई करते हैं। इसके चलते छात्रावासों से हर रोज हजारों टन में कूड़ा भी निकलता है। हाल ही में रोहतक स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में बायोगैस प्लांट चालू किया गया है। इस प्लांट का उद्देश्य जैविक कचरे से बायोगैस तैयार करके रसोई घरों में गैस की आपूर्ति करना है।

इसी तर्ज पर सरकार ने प्रदेश की हर यूनिवर्सिटी में ऐसे बायोगैस प्लांट लगाने की योजना भी बनाई है। इसके लिए संबंधित टीम यूनिवर्सिटी में जाकर बायोगैस प्लांट का निरीक्षण भी कर चुकी है। टीम ने उझाना ब्लॉक में भी सेग्रीगेशन प्लांट का निरीक्षण किया।

प्रदेश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाना सरकार का उद्देश्य : रविंद्र जागलान
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, हरियाणा के उपाध्यक्ष रविंद्र जागलान का कहना है कि प्रदेश सरकार हरियाणा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। इसी के मद्देनजर गांवों को शहरों की तर्ज पर कूड़ा मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए अधिकतर सेग्रीगेशन मशीनों की खरीद की जा चुकी है।

जल्द ही हर ब्लॉक हेडक्वार्टर पर मशीनों को स्थापित कर कूड़े से खाद तैयार किया जाएगा। इस खाद को जरूरतमंद किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।