{"vars":{"id": "141324:5161"}}

चूल्हे के धुएं से लेकर सड़कों की धूल तक पर प्रशासन की नजर, प्रदूषण कंट्रोल का एक्शन प्लान लागू

 

Air Pollution control : हरियाणा में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब प्रशासन गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधन से चूल्हे पर खाना बनाने वाली महिलाओं को जागरूक किया जाएगा। साथ ही पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और सिलेंडर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

इसके अलावा पराली जलाने, खुले में कचरा फेंकने और जलाने तथा सड़कों की धूल से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगराधीश मोनिका रानी ने सोमवार को एनआईसी केंद्र में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए।

इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के सदस्य सचिव तरुण कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगराधीश ने बताया कि जिले के प्रत्येक गांव में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और प्रदूषण नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय एक्शन प्लान तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें और केवल कागजी कार्रवाई के बजाय धरातल पर परिणाम दिखाएं।

धूल और कचरा जलाने पर रहेगी विशेष निगरानी
नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारियों को निर्माण एवं तोडफ़ोड़ से निकलने वाले मलबे का उचित निस्तारण करवाने के निर्देश दिए गए। सड़कों की नियमित मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव करने के साथ धूल वाले हॉटस्पॉट की पहचान करने को कहा गया। खुले में कचरा जलाने वालों पर भी सख्ती की जाएगी।

बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कृषि विभाग को पराली जलाने की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच कर नियम तोडऩे वालों के चालान करेगा।

नगराधीश ने चेतावनी दी कि जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी। बैठक में डीएसपी गौरव शर्मा, कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. सुखदेव कंबोज और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अश्वनी धीमान मौजूद रहे।