{"vars":{"id": "141324:5161"}}

जींद के सफीदों में राजकीय महिला नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास, 4 एकड़ में 43. 5 करोड़ रुपये से तैयार होगा नया भवन 

भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने किया। यहां पर 4 एकड़ में 43. 5 करोड़ रुपये से भवन का निर्माण होगा। इस दौरान विधायक गौतम ने कहा कि यह कॉलेज बेटियों के कौशल विकास को मजबूती देगा।
 

HARYANA NEWS: JIND जिला के सफीदों उपमंडल में राजकीय महिला नर्सिंग का शिलान्यास शुक्रवार को भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने किया। यहां पर 4 एकड़ में 43. 5 करोड़ रुपये से भवन का निर्माण होगा।

इस दौरान विधायक गौतम ने कहा कि यह कॉलेज बेटियों के कौशल विकास को मजबूती देगा। गौरतलब है कि नर्सिंग कॉलेज को जींद शिफ्ट करने को लेकर पिछले दिनों काफी राजनीति काफी गर्म रही थी।

विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

इसी दिशा में सफीदों शहर में राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय का निर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। इस महाविद्यालय के शुरू होने से सफीदों क्षेत्र की बेटियों और महिलाओं को नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। 


इसका निर्माण हरियाणा पुलिस हाउसिंग काॅर्पोरेशन द्वारा किया जाना है। ऐसे में विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।

निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। 

कॉलेज को लेकर चली राजनीति


गौरतलब है कि सफीदों में राजकीय नर्सिंग कॉलेज काफी पुराना चल रहा है। इसको लेकर कई बार राजनीति भी गर्मा चुका है।

क्योंकि कॉलेज का अपना भवन नहीं होने के कारण इसको फिलहाल सरला देवी डिग्री कॉलेज में ही चलाया जा रहा है। वहीं छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा भी नहीं है। यहां पर कुल 60 सीट हैं।