फ्लिपकार्ट की लापरवाही, ब्रांडेड जूतों की जगह भेजा नकली सामान, अब देना होगा 26 हजार मुआवजा
Flipcart fined : ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान ब्रांडेड सामान के नाम पर नकली उत्पाद मिलने का एक मामला ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट को भारी पड़ गया। गुरुग्राम के जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कंपनी को सेवा में कमी और उपभोक्ता के साथ लापरवाही का दोषी मानते हुए ग्राहक के पक्ष में फैसला सुनाया है।
आयोग ने फ्लिपकार्ट को जूतों की कीमत ब्याज सहित वापस करने के साथ मानसिक परेशानी और कानूनी लड़ाई के खर्च के रूप में 26 हजार रुपये अतिरिक्त देने का आदेश दिया है। मामला गुरुग्राम के सेक्टर-105 स्थित राजेंद्र पार्क निवासी साहिल श्रेष्ठ से जुड़ा है। उन्होंने 6 सितंबर 2021 को फ्लिपकार्ट के माध्यम से नाइकी कंपनी के वेंचर रनर मॉडल के जूते खरीदे थे।
इसके लिए उन्होंने 5,495 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया था। ग्राहक को उम्मीद थी कि अगले दिन उन्हें ऑर्डर के मुताबिक ब्रांडेड जूते मिलेंगे, लेकिन 7 सितंबर को पार्सल खोलते ही उनके होश उड़ गए। डिलीवरी में नाइकी के जूतों की जगह नकली और खराब गुणवत्ता वाली वस्तु निकली।
शिकायत करने पर समाधान की बजाय अकाउंट कर दिया ब्लॉक
ग्राहक ने डिलीवरी के दौरान ही सावधानी बरतते हुए पार्सल खोलने की पूरी प्रक्रिया का वीडियो बना लिया था। सामान नकली मिलने पर उन्होंने तुरंत फ्लिपकार्ट के कस्टमर केयर से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि कंपनी ने उनकी शिकायत का उचित समाधान करने और पैसे वापस करने के बजाय उनका अकाउंट ही ब्लॉक कर दिया। इसके बाद साहिल ने कंपनी को कानूनी नोटिस भी भेजा, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
आखिरकार ग्राहक ने 28 अक्टूबर 2021 को जिला उपभोक्ता आयोग गुरुग्राम का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने अपने दावे के समर्थन में अनबॉक्सिंग वीडियो पेनड्राइव, धारा 65-बी का प्रमाण पत्र और खरीदारी से संबंधित टैक्स इनवॉइस सहित जरूरी दस्तावेज पेश किए।
सबूतों के सामने कंपनी का पक्ष नहीं आया काम
आयोग में सुनवाई के दौरान ग्राहक की ओर से पेश किए गए वीडियो और अन्य दस्तावेज महत्वपूर्ण साबित हुए। फ्लिपकार्ट की ओर से इन सबूतों का प्रभावी खंडन नहीं किया जा सका। आयोग ने पूरे मामले और उपलब्ध रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद माना कि कंपनी की ओर से सेवा में कमी रही और ग्राहक को अनुचित परेशानी का सामना करना पड़ा।
आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल तथा सदस्य ज्योति सिवाच और खुशविंदर कौर की पीठ ने 16 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए फ्लिपकार्ट को आदेश दिया कि वह ग्राहक को 5,495 रुपये की खरीद राशि 6 सितंबर 2021 से 9 प्रतिशत सालाना ब्याज सहित वापस करे।
इसके अलावा ग्राहक को मानसिक प्रताड़ना के लिए 15 हजार रुपये और मुकदमे का खर्च उठाने के लिए 11 हजार रुपये अलग से देने होंगे। इस तरह कंपनी को खरीद राशि और उस पर ब्याज के अलावा कुल 26 हजार रुपये मुआवजे के रूप में चुकाने पड़ेंगे।
45 दिन में भुगतान नहीं किया तो बढ़ेगा ब्याज
आयोग ने कंपनी को आदेश का पालन करने के लिए 45 दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर 12 प्रतिशत सालाना ब्याज की दर लागू होगी। साथ ही आदेश की अवहेलना होने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की धारा 72 के तहत सजा और जुर्माने की कार्रवाई भी की जा सकती है।