हरियाणा में इस जगह मिला पटाखों का जखीरा, दुकानदार पर केस दर्ज
दिवाली से पहले पटाखों की बिक्री पर प्रशासन सख्त हो गया है और जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। इसकी कड़ी में जींद जिले के नरवाना में शहर थाना पुलिस ने दुकान से पटाखों का अवैध भंडारण करने पर दुकानदार के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया, जहां पुलिस ने उसको जमानत पर छोड़ दिया।
शहर थाना एसएचओ जसबीर सिंह ने बताया कि शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नरवाना के विश्वकर्मा चौक के नजदीक ढाकल रोड पर धर्म सिंह कालोनी निवासी चंद्रभान किराना की दुकान की आड़ में पटाखा व बमों का अवैध रूप से भंडारण किए हुए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस की एक टीम एसआइ आजाद सिंह के नेतृत्व में मौके पर भेजी।
यहां पुलिस ने दुकान व उसके ऊपर बने कमरे की नियमानुसार तलाशी ली, तो उसकी दुकान से 163 किलोग्राम पटाखे मिले। जब दुकानदार चंद्रभान से पटाखे बेचने संबंधी लाइसेंस मांगा तो वो कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद पटाखों को सील कर अपने कब्जा में ले लिया। आरोपित चंद्रभान के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई कर दी।
एसएचओ जसबीर सिंह ने आमजन से अपील है कि पटाखों व विस्फोटक सामग्री का भंडारण और बिक्री केवल निर्धारित नियमों व वैध लाइसेंस के अनुसार ही करें। अवैध रूप से पटाखे रखने या बेचने से जन-सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।
किसी भी स्थान पर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पटाखों का अवैध भंडारण मिलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। अगर भविष्य में ऐसी सूचना मिलती है, पुलिस अवश्य कार्रवाई करेगी।
--जसबीर सिंह, एसएचओ शहर थाना, नरवाना।