हरियाणा में अब किसान नहीं जला सकेंगें पराली, ड्रोन से नजर रखेगी सरकार
HARYANA NEWS : हरियाणा में फिलहाल धान कटाई का सीजन पीक पर चल रहा है। इसी के चलते धान की पराली जलाने के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सरकार ने धान की पराली जलाने वालों पर अब ड्रोन से नजर रखने का फैसला लिया है। इससे सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि खेत में पराली जलाने वाला कोई भी बच न पाए।
दरअसल सरकार धान की पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की योजना बना रही है। इसके लिए हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा पंचकूला में नया प्रयोग किया जा रहा है। पंचकूला कृषि विभाग द्वारा अब ड्रोन से धान की पराली जलाने वालों पर नजर रखी जाएगी। इसकी शुरूआत पंचकूला जिले में हो रही है।
संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित
धान की पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने पंचकूला जिला में निगरानी शुरू कर दी है। धान की पराली जलाने वाले किसानों पर नजर रखने के लिए विशेषतौर पर ड्रोन की तैनाती की गई है। यह ड्रोन इन क्षेत्रों में नजर रखेगा, जो विभाग की नजर में रेड जोन में हैँ। इसके लिए पहले ही गांवों को चिन्हित कर लिया गया है।
पूरे विवरण के साथ मिलेगी लोकेशन
इसके तहत जिस खेत में धान की पराली जलाई जाएगी, उसके पूरे विवरण के साथ ड्रोन वहां की फोटो उपलब्ध करवाएगा। कृषि विभाग के उप निदेशक डा. राकेश पोरिया के अनुसार दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक निगरानी का विशेष समय तय किया गया है। ऐसे में जहां भी आग लगी मिलेगी, वहीं की जियो-टैग्ड फोटो एवं वीडियो
मिल जाएगी।