{"vars":{"id": "141324:5161"}}

धुंध के चलते 3 महीने कैंसिल रहेगी जींद-दिल्ली के बीच ये ट्रेन 

 

Trains cancelled fog : सर्दी के मौसम में धुंध के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन नंबर 54031-54034 को एक दिसंबर से 28 फरवरी तक रद रखने का फैसला लिया है। इस फैसले से दिल्ली और जींद के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों को अगले तीन महीने तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना दिल्ली-रोहतक-जींद के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ेगा। ट्रेन नंबर 54031 पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर रवाना होती है। यह ट्रेन बहादुरगढ़, रोहतक और सांपला होते हुए दोपहर बाद साढ़े तीन बजे के बाद जींद पहुंचती है।

वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 54034 जींद रेलवे स्टेशन से दोपहर बाद तीन बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर बिनशपुरा हरियाणा, किनाना, जैजैवंती और किलाजफरगढ़ होते हुए रात लगभग पौने आठ बजे दिल्ली पहुंचती है। इस ट्रेन के बंद होने से बीच के स्टेशनों पर सफर करने वाले यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ेगी।

अब यात्रियों को दूसरी ट्रेनों के समय के अनुसार अपना कार्यक्रम तय करना होगा। रेलवे का यह फैसला धुंध के मौसम में सुरक्षित रेल संचालन को ध्यान में रखकर लिया गया है।

सर्दियों के मौसम में धुंध के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका रहती है। कम दृश्यता के चलते ट्रेनों के संचालन में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से एक दिसंबर से 28 फरवरी तक ट्रेन नंबर 54031-54034 को रद रखने का निर्णय लिया गया है।

धुंध के मौसम को देखते हुए रेलवे की ओर से कुछ ट्रेन दिसंबर से लेकर फरवरी तक रद रखी जाती हैं। रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 54031-34 के तीन महा तक रद रहने को लेकर रेवले की ओर से अभी अधिकारिक पत्र नहीं मिला है। जैसे ही कोई पत्र मिलता है तो यात्रियों को अवगत करवा दिया जाएगा। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके।
--जेएस कुंडू, स्टेशन अधीक्षक रेलवे जंक्शन जींद