Drone survey : हरियाणा में जमीन-मकानों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, 2 जिलों में ड्रोन सर्वे शुरू
Haryana Drone survey : हरियाणा के कंट्रोल एरिया पर अब ड्रोन की नजर रहेगी। यहां किस तरह के भवन हैं या खाली जमीन है। इस इलाके की यथास्थिति जानी जाएगी। यह जानकारी लेने के लिए 10 ड्रोन लगाए गए हैं। इन टीमों ने पायलट प्रोजक्ट के तौर पर करनाल-पानीपत में कार्य शुरू कर दिया है। अब तक सरकार की ओर से प्राइवेट ड्रोन मंगाकर यह कार्य कराया जाता था। प्राइवेट ड्रोन उड़ाने में इजाजत लेनी पड़ती थी। अब सरकार की ओर से दृश्या को यह कार्य सौंपा गया है।
अब ड्रोन से जो तस्वीर ली जाएगी, वह टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के रिकार्ड में दर्ज होगी। कोई भवन कितने मंजिल है, किस दिशा में बना है। ऊंचाई आदि दर्ज होगी। इसके बाद दूसरे फेज में सोनीपत, झज्जर और महेंद्रगढ़ को शामिल किया जाएगा। फिर पूरे प्रदेश में योजना चलेगी। इसी आधार पर आगामी योजनाएं बनाई जाएंगी। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के डीजी डॉ. जे गणेशन ने बताया कि योजना है कि सभी भवनों के डेटा के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जगह या भवन की जानकारी एक क्लिक पर मिल जाएगी।
5 सेंटीमीटर से तस्वीर लेगा ड्रोन
इस कार्य में लगाए ड्रोन महज 5 सेंटीमीटर नजदीक से भवन की फोटो लेंगे। ड्रोन की मदद से आर्थो रेक्टोफाइड इमेज ली जाएगी। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग पहले चरण में धरातल की स्थिति जानेगा। यह सर्वे शुरू हो गया है। तस्वीर देखकर भवनों के नक्शे पास होंगे। तस्वीर फ्रीज होने के साथ फील्ड स्टाफ भी मौके पर जांच करेगा। इसमें मालिक का नाम, पता, मकान, जमीन, कितने गज है, कितनी जगह खाली है। इससे भवनों के नक्शे पास कराने की तैयारी है। इसमें भवन की पूरी डिटेल होगी, जगह की जानकारी होगी। इससे कोई भी व्यक्ति किसी के मकान को अपना नहीं बता पाएगा।