{"vars":{"id": "141324:5161"}}

पानीपत से टोहाना के बीच सीधी कनेक्टविटी बनी, रोडवेज बस सर्विस शुरू, देखें पूरी जानकारी

 

Panipat Tohana bus Service : पानीपत से फतेहाबाद के टोहाना तक अब सीधी कनेक्टिविटी हो गई है। पानीपत से नरवाना व टोहाना के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू हुई है, जिससे यात्रियों को काफी फायदा होगा। 

अब तक पानीपत से अगर टोहाना की तरफ जाना होता तो पहले जींद और फिर नरवाना से बस बदलनी पड़ती थी।  दरअसल इसे लेकर नरवाना निवासी अर्जुन ने पीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बस सेवा शुरू किए जाने को लेकर गलत सूचना दिए जाने का आरोप लगाया गया था।

इसके बाद हरियाणा राज्य परिवहन जींद कार्यालय ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की।  हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से महानिदेशक राज्य परिवहन हरियाणा को भेजे गए पत्र में बताया गया कि सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत संख्या पर कार्रवाई करते हुए बस संचालन के आदेश जारी किए गए हैं।

कार्यालय की ओर से 24 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत संबंधित मार्ग पर एक बस चलवाने की व्यवस्था की गई है। आदेश के अनुसार नरवाना-पानीपत और पानीपत-टोहाना मार्ग पर जींद, सफीदों और टोहाना-नरवाना के रास्ते बस का संचालन करवाया जाएगा। इसके लिए नरवाना के कार्य निरीक्षक को बस सेवा का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन ने कहा कि जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए जनहित और विभागीय हित में यह कदम उठाया गया है। उनके पास हरियाणा राज्य महानिदेशक की तरफ से शिकायत आई थी, जिसमें नरवाना से पानीपत और पानीपत से टोहाना मार्ग पर जींद, सफीदों और टोहाना-नरवाना के रास्ते बस का संचालन की शिकायत आई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए बस के संचालन बारे निर्देश दे दिए हैं।