जागरण में भक्त ने मांगी बस, CM सैनी ने मंच से कर दी खाटू श्याम के लिए बस सेवा की घोषणा
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने जागरण कार्यक्रम में एक श्याम भक्त की डिमांड पर तुरंत खाटू श्याम के लिए बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में भजन गायक कन्हैया मित्तल भी मौजूद थे।
हुआ यूं कि कुरुक्षेत्र में रविवार रात को जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था और इसमें भजन गायक कन्हैया मित्तल गा रहे थे और मुख्यातिथि के रूप में सीएम नायब सिंह सैनी पहुंचे हुए थे।
तभी भीड़ में से एक भक्त ने उठकर सीएम सैनी को एक पर्चा देना चाहा।
सीएम सैनी दूसरी तरफ बैठे हुए थे और मंच पर परफोरमेंस कर रहे कन्हैया मित्तल ने वो पर्चा पकड़ कर सीएम को दे दिया और कहा कि एक श्याम भक्त है और खाटू श्याम के लिए बस चलवाने की डिमांड करते हुए यह मांगपत्र आपको दिया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने उसी समय तुरंत कुरुक्षेत्र से खाटू श्याम के लिए बस चलाने की घोषणा कर दी। इससे सभी ताली बजाने लगे और सीएम का आभार जताया।
152-डी के रास्ते चल सकती है बस
सीएम की घोषणा के बाद हालांकि अभी बस की समय सारिणी और चलाने का शेड्यूल रोडवेज द्वारा बनाया जाएगा। लेकिन संभावना है कि नेशनल हाईवे नंबर 152-डी के रास्ते बस चले, क्योंकि यह रूट आसान पड़ता है। कुरुक्षेत्र से राजस्थान के खाटू श्याम की दूसरी सड़क मार्ग से करीब 360 किलोमीटर है और यात्रा में 5 से 7 घंटे का समय लगता है।
इसके अलावा कुरुक्षेत्र से पिपली, उमरी चौक होते हुए अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे (NH-152D) पकड़ा जा सकता है। इस रूट से बस चलने के बाद भक्तों को काफी फायदा होगा।