{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के इस शहर में विकास को मिलेगी रफ्तार, 81 लाख रुपए के काम मंजूर 

 

Jind news : शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग ने जींद विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास के लिए 81.41 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से जहां पुराने नगरपरिषद कार्यालय के पास अष्टधातु से निर्मित स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की प्रतिमा लगाई जाएगी, वहीं शहर में कई जगहों पर हाईमास्ट लाइट भी इंस्टाल होंगी।

दरअसल जींद नगरपरिषद द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण की योजना बना कर शहरी स्थानीय विभाग के मुख्यालय को भेजी गई थी। अब इसको मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। इसके तहत जींद विधानसभा क्षेत्र में 81 लाख 41 हजार 664 रुपये से विकास कार्य होंगे। इसके लिए राशि का आबंटन व स्वीकृत हो गई है। 

इन कार्यों के लिए शहरी एवं स्थानीय विभाग के निदेशालय द्वारा जींद के जिला नगर आयुक्त यानी DMC को पत्र भेज दिया है। अब स्थानीय स्तर पर इन कार्यों के लिए काम शुरू हो जाएगा। यह राशि मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत जारी हुई है।

इससे 2 प्रमुख परियोजनाओं पर काम होगा। जींद के भाजपा विधायक और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा द्वारा इन कार्यों के लिए प्रयास किए जा रहे थे।

श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों में लगेंगी हाई मास्ट लाइट
यूएलबी यानी शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग द्वारा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अलग-अलग श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों में हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 50,00,064 रुपये निर्धारित किए हैं। इस कार्य को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है और अब इसके लिए राशि भी आबंटित हो चुकी है। 

अष्टधातु से बनेगी लाला लाजपत राय की प्रतिमा 
वहीं दूसरी ओर अन्य परियोजना के तहत जींद नगरपरिषद के पुराने कार्यालय, जहां वर्तमान में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बना है, वहां पर स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की भव्य अष्टधातु की प्रतिमा लगाई जाएगी। फिलहाल यहां पर पत्थर की प्रतिमा लगी हुई है। इस कार्य पर 31,41,600 रुपये खर्च होंगे। यह राशि यूएलबी द्वारा मंजूर कर दी गई है। हालांकि इसके लिए प्रशासनिक मंजूरी जिला नगर आयुक्त द्वारा ही दी जानी है।

विभाग ने लगाई कड़ी शर्तें
बेशक इन दोनों ही कार्यों के लिए राशि जारी को मंजूरी मिल गई है, लेकिन इन कार्यों  के लिए शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय द्वारा कड़ी शर्तें लगाई गई हैं। यह पत्र निदेशालय से कार्यकारी अभियंता रमन कुमार द्वारा जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि  यह कार्य शुरू करने से पहले सक्षम प्राधिकारी से तकनीकी स्वीकृति लेनी होगी। जहां यह कार्य होंगे, वहां जमीन पर कोई कानूनी विवाद नहीं होना चाहिए। 

इसके अलावा निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाने के लिए भी साफ और सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इतना ही नहीं कार्य की मजबूती के लिए कहा गया है कि इसकी ड्राइंग और डिजाइन IIT या NIT के स्तर की संस्थाओं से मंजूर करवाया जाए। इसके अलावा ठेकेदार को भुगतान के लिए भी नियम साफ किए गए हैं।