{"vars":{"id": "141324:5161"}}

नया मीटर लगवाने के लिए मांगी 24 हजार की रिश्वत, विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा JE

 

ACB Raid : हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले पांच दिनों से सरकारी विभागों के कर्मचारी रिश्वत लेने के मामले में रंगे हाथों गिरफ्तार हो रहे हैं। मंगलवार को 24 हजार रुपए की रिश्वत लेते बिजली निगम के जेई दीपक को विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। 

ताजा मामला चरखी दादरी का है। आरोपी जिले के सांजरवास स्थित बिजली निगम में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात है। मामले की शुरुआत गांव कायला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने ACB को बताया कि उसे अपने घर पर नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाना था।

इस काम के बदले संबंधित JE दीपक उससे 24 हजार रुपये की मांग कर रहा था। उसने इसकी सूचना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दे दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की।

17 नवंबर को थाना एसवी एवं एसीबी हिसार में आरोपी जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद भिवानी एसीबी यूनिट की टीम ने शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत लेने की कार्रवाई के दौरान आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी दीपक ने शिकायतकर्ता से 24 हजार रुपये की रकम ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।