{"vars":{"id": "141324:5161"}}

जींद में शहर की व्यवस्था जांचने सड़क पर उतरीं डीसी डा. वैशाली शर्मा, कई जगह मिला घुप अंधेरा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने फायर ब्रिगेड कार्यालय के आसपास, जाट धर्मशाला तथा बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
 

haryana news: जींद की उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने देर रात जींद शहर की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। शहर में सफाई व्यवस्था, सैनिटेशन, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्वयं सड़कों पर उतरीं।

इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जांची और अधिकारियों को सभी नागरिक सुविधाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कई जगह घुप अंधेरा मिला।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने फायर ब्रिगेड कार्यालय के आसपास, जाट धर्मशाला तथा बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने इन सभी स्थानों पर सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया। 


साथ ही नियमित रूप से कचरा उठान सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष रूप से सफाई व्यवस्था का ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ वातावरण मिल सके। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने गोहाना रोड से पटियाला चैक तक तथा पटियाला चैक से आगे नरवाना रोड बाईपास और एनएच की सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। 


उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रुककर लाइटों की स्थिति और पर्याप्त रोशनी की उपलब्धता जांची। जहां कहीं भी लाइट बंद मिली या रोशनी पर्याप्त नहीं पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि तुरंत आवश्यक कार्रवाई कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की मुख्य सड़कों और मार्गों पर कहीं भी अंधेरा नहीं रहना चाहिए तथा सभी स्ट्रीट लाइटें पर्याप्त मात्रा में नियमित रूप से जलती रहनी चाहिए, ताकि रात्रि के समय आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।


उपायुक्त ने एचएसवीपी के अंतर्गत आने वाले सेक्टरों,श्रीधाम समिति के आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्ट्रीट लाइटों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेक्टरों की आंतरिक सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में भी नियमित सफाई तथा पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए। 


इसी प्रकार रोहतक रोड अंडरपास, रोहतक रोड स्थित एसबीआई बैंक के आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने यहां सड़क की सफाई व स्थिति , आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता तथा सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंडरपास, मुख्य मार्गों और व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई एवं रोशनी की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

डीएवी स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश


इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभाग को अर्बन एस्टेट स्थित डीएवी स्कूल के सामने भी दोनों तरफ रिफ्लेक्टिव स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर समय-समय पर फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना चाहिए, ताकि समस्याओं की वास्तविक स्थिति सामने आए और उनका समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।