दैनिक यात्री एसोसिएशन ने की धौलाधार को कटरा तक चलाने और हरिद्वार के लिए ट्रेन की मांग
Jind news : जींद जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर दैनिक रेलयात्री वेलफेयर एसोसिएशन ने रेलवे अधिकारियों के सामने आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। एसोसिएशन के प्रधान सुरेश पांचाल और सचिव सुरेंद्र कुमार ने दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक तथा उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, बड़ौदा हाउस नई दिल्ली में अधिकारियों से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
इसमें जींद से धार्मिक स्थलों के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने, मौजूदा ट्रेनों का विस्तार करने और रेलगाड़ियों में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की मांग की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि जींद क्षेत्र के हजारों यात्री रोजाना नौकरी, कारोबार, शिक्षा और धार्मिक यात्राओं के लिए रेलमार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में नई ट्रेनों और मौजूदा सेवाओं में सुधार से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिल सकती है।
कटरा, अमृतसर और हरिद्वार के लिए नई रेल सेवाओं की मांग
मांगपत्र में धौलाधार एक्सप्रेस (14035/14036) का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक करने और इसे प्रतिदिन चलाने की मांग की गई है। इसके अलावा जींद से ब्यास-अमृतसर मार्ग पर दैनिक ट्रेन शुरू करने तथा जींद से हरिद्वार के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई है।
एसोसिएशन ने मदार-रोहतक ट्रेन (09639/09640) का विस्तार जींद तक करने का भी आग्रह किया है। इससे खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद जताई गई है।
इन ट्रेनों में बदलाव की मांग
एसोसिएशन ने नांदेड़-अमृतसर एक्सप्रेस (12421/12422) का जींद रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने और इसे सप्ताह में चार दिन संचालित करने की मांग रखी है। वहीं कुरुक्षेत्र-जींद-दिल्ली एक्सप्रेस (14023/14024) में यात्रियों की सुविधा के लिए कोचों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
इसके अलावा पातालकोट एक्सप्रेस (20424) को भटिंडा से सुबह 10 से 15 मिनट पहले रवाना करने की मांग की गई है, ताकि ट्रेन का संचालन समय पर हो सके। दिल्ली से चलने वाली ट्रेन संख्या 54035 को भी निर्धारित समय पर रवाना करने का मुद्दा उठाया गया है।
रेलवे अधिकारियों को सौंपा मांगपत्र
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उनका कहना है कि जींद को प्रमुख धार्मिक और व्यावसायिक शहरों से जोड़ने वाली रेल सेवाओं में विस्तार होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।