{"vars":{"id": "141324:5161"}}

सिविल अस्पताल को मिला स्क्रिन एलर्जी का डॉक्टर, मरीजों को राहत

 

Jind news : हरियाणा के जींद में जिला मुख्यालय पर नागरिक अस्पताल में त्वचा संबंधी बीमारियों से परेशान मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल में लंबे समय से त्वचा रोग विशेषज्ञ की कमी महसूस की जा रही थी। 

अब डीआरपी स्टूडेंट डा. दीपेश ने स्किन ओपीडी संभाली है। उनके पास प्रतिदिन करीब 100 मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं का उपचार करवाने पहुंच रहे हैं। अस्पताल में त्वचा रोगों की जांच और परामर्श की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिली है। उन्हें अब छोटी-बड़ी त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए निजी अस्पतालों और क्लीनिक का रुख करने की जरूरत कम पड़ेगी। 

स्किन ओपीडी के लिए नागरिक अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में पीएमओ कार्यालय के सामने कमरा निर्धारित किया गया है। पिछले काफी समय से अस्पताल में नियमित रूप से त्वचा रोग विशेषज्ञ की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। 

इसी वर्ष कुछ दिनों के लिए महिला त्वचा रोग चिकित्सक भी अस्पताल में आई थी। अब स्किन ओपीडी शुरू होने से त्वचा संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

त्वचा रोग समस्याओं को लेकर चिकित्सक से लें परामर्श : पीएमओ
नागरिक अस्पताल के पीएमओ डा. रघुवीर पूनिया ने बताया कि अस्पताल में डीआरपी स्टूडेंट डा. दीपेश ने स्किन ओपीडी कर रहे हैं। त्वचा रोग के सही कारणों का पता लगाने और उचित उपचार के लिए जांच करवाएं।