{"vars":{"id": "141324:5161"}}

नगर परिषद ने रोडवेज से मांगी पुराने बस स्टैंड की 6 एकड़ जमीन, कम्यूनिटी सेंटर बनाने की योजना 

 

Jind news : जींद नगर परिषद ने रोडवेज से शहर के अंदर खाली पड़े पुराने बस स्टैंड की जमीन मांगी है। करीब नौ एकड़ जमीन है, जिसमें से छह एकड़ जमीन की मांग की गई है। रोडवेज विभाग मुख्यालय से इसकी स्वीकृति मिलने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। करीब चार साल पहले बस स्टैंड शहर के अंदर से बाहर पिंडारा गांव में शिफ्ट हो चुका है।

पुराना बस स्टैंड खाली पड़ा है और फिलहाल किसी प्रयोग में भी नहीं है। बस स्टैंड भवन भी जर्जर हो चुका है, जिसे तोड़ने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। शहर के मध्य होने के कारण इस जमीन की कीमत ज्यादा है और कामर्शियल रूप से भी इसका प्रयोग हो सकता है। नगर परिषद की योजना यहां कम्युनिटी सेंटर बनाने की है।

कम्युनिटी सेंटर मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल है। यहां लाइब्रेरी, आडिटोरियम या मार्केट भी बनाई जा सकती है। शहर के अंदर पार्किंग को लेकर काफी दिक्कत रहती है। इसलिए यहां अंडरग्राउंड पार्किंग भी विकसित की जा सकती है। ये जगह नगर परिषद कार्यालय के नजदीक भी है।

दमकल विभाग का कार्यालय भी शिफ्ट करने की योजना
दमकल विभाग का कार्यालय भी पुराने बस स्टैंड की जमीन पर ही बनाने की योजना है। फिलहाल दमकल विभाग का कार्यालय सफीदों गेट पर है। जहां जगह की कमी व भीड़भाड़ की वजह से दिक्कत रहती है। पुराने बस स्टैंड पर डेढ़ एकड़ में दमकल विभाग का कार्यालय बनाने का विचार है।

बस स्टैंड बाहर शिफ्ट होने से मार्केट पर पड़ा असर
बस स्टैंड बाहर शिफ्ट होने के कारण पुराने बस स्टैंड के पास वाली मार्केट पर भी असर पड़ा है। पुराने बस स्टैंड के पास कई मेडिकल स्टोर, ढाबा, करियाना स्टोर व मोबाइल की दुकानें हैं। इन दुकानों की सेल काफी घट गई है। अगर पुराने बस स्टैंड की जगह कम्युनिटी सेंटर, मार्केट या अन्य प्रोजेक्ट पर काम होता है, तो दोबारा आसपास के दुकानदारों को भी फायदा होगा।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट भी बनाने की योजना
जींद रोडवेज डिपो के बेड़े में भविष्य में इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की तैयारी है। इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाया जाना है। पहले पुराने बस स्टैंड पर ही चार्जिंग प्वाइंट बनाने का प्रस्ताव था। चार्जिंग प्वाइंट के लिए करीब तीन एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी। नगर परिषद और दमकल विभाग कार्यालय के लिए जमीन देने के बाद यहां चार्जिंग प्वाइंट के लिए जगह कम पड़ सकती है। ऐसे में किसी अन्य स्थान पर चार्जिंग प्वाइंट बनाना पड़ सकता है।

हाउस में प्रस्ताव पारित कर रोडवेज को भेजा गया है : चेयरपर्सन
नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी ने बताया कि बस स्टैंड की जमीन लेने के लिए हाउस में प्रस्ताव पारित किया गया था। ये प्रस्ताव रोडवेज को भेजा गया है। सरकार के स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद रोडवेज से ये जमीन ली जाएगी। कम्युनिटी सेंटर सहित अन्य प्रोजेक्ट यहां बनाए जा सकते हैं।