हरियाणा में ट्रैक्टर खरीदना होगा सस्ता, इन किसानों के खाते में आएंगे 3 लाख रुपये
Haryana Tractor subsidy : हरियाणा में खेती-किसानी के काम को आधुनिक बनाने और किसानों को कृषि मशीनरी खरीदने में आर्थिक मदद देने के लिए प्रदेश सरकार ने नई पहल की है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ट्रैक्टर सब्सिडी योजना शुरू की गई है।
इसके तहत अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के पात्र किसानों को 45 हॉर्स पावर या इससे अधिक क्षमता वाला ट्रैक्टर खरीदने पर अधिकतम 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इच्छुक किसान 15 दिसंबर 2026 तक विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriharyana.gov.in पर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन 15 नवंबर से लिए जा रहे हैं। ऐसे में पात्र किसानों के पास योजना का लाभ उठाने के लिए अभी मौका है।
इन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ
कृषि विभाग के अनुसार, यह योजना विशेष रूप से अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए लागू की गई है। इसका लाभ लेने के लिए किसान का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक के पास खेती योग्य जमीन का मालिकाना हक होना चाहिए। यदि जमीन परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में दर्ज परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम पर है, तब भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन किया जा सकता है।
योजना का लाभ लेने वाले किसानों को बैंक खाते से जुड़ी शर्तें भी पूरी करनी होंगी। सब्सिडी की रकम सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना और डीबीटी भुगतान के लिए सक्रिय रहना जरूरी है।
पांच साल में सब्सिडी लेने वाले दोबारा नहीं होंगे पात्र
सरकार ने योजना में दोहरे लाभ को रोकने के लिए भी नियम निर्धारित किए हैं। जिन किसानों ने पिछले पांच वर्षों के दौरान ट्रैक्टर खरीद पर सरकारी सब्सिडी प्राप्त की है, वे इस बार आवेदन के पात्र नहीं होंगे। इसलिए आवेदन करने से पहले किसानों को अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए।
आवेदन ज्यादा आए तो ड्रॉ से होगा चयन
योजना के तहत निर्धारित लाभार्थियों की संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर सभी आवेदकों को सब्सिडी नहीं मिल पाएगी। ऐसी स्थिति में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की ओर से ड्रॉ के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चयन के बाद संबंधित किसानों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर उन्हें ट्रैक्टर खरीदने की अनुमति दी जाएगी।
अपनी पसंद की कंपनी से खरीद सकेंगे ट्रैक्टर
योजना की एक महत्वपूर्ण सुविधा यह है कि चयनित किसानों को किसी एक निर्धारित कंपनी या डीलर से ट्रैक्टर खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। वे अपनी पसंद के निर्माता और अधिकृत डीलर से 45 एचपी या इससे अधिक क्षमता वाला ट्रैक्टर खरीद सकेंगे। पात्रता और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सब्सिडी की राशि नियमानुसार उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।
सहायक कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ के अनुसार, योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारियां सही भरें और पात्रता संबंधी शर्तों का विशेष ध्यान रखें।