{"vars":{"id": "141324:5161"}}

new road : हरियाणा की इस सड़क चौड़ीकरण की बड़ी तैयारी, 17 करोड़ से बदलेगी 6 किमी सड़क की तस्वीर

 

हरियाणा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए लिंक मार्गों को सुधार किया जा रहा है। जहां पर नई सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं इन सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है, ताकि एक साथ दो वाहनों को निकलने में कोई परेशानी न हो। हिसार जिले की रायपुर से खरड़ लिंक मार्ग को सरकार ने चौड़ा करने व नए सिरे से बनाने की मंजूरी दी गई है। 6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चौड़ा किया जाएगा और इस पर करीब 17 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग ने इस रोड को चौड़ा करने का मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके तहत 6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई 5.50 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर की जाएगी। यानी वर्तमान में 18 फीट चौड़ा यह मार्ग प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलते ही 22 फीट चौड़ा हो जाएगा। विभाग ने इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए 17 करोड़ रुपए का रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय भेज दिया है। मुख्यालय से वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर काम धरातल पर उतारा जाएगा।

मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ने पर उठाया कदम 

लोक निर्माण विभाग के अनुसार रामपुर से खरड़ मार्ग पर ट्रैफिक की बढ़ोतरी हुई है। वाहनों की ज्यादा आवाजाही होने के कारण इस मार्ग पर जाम लगा रहता है। इसलिए इस मार्ग को चौड़ा करने का प्रोजेक्ट बनाया है। सड़क छोटी होने के चलते मोड़ पर आमने-सामने से भारी वाहनों के गुजरते समय दुर्घटना का अंदेशा लगातार बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों व वाहन चालकों की ओर से लंबे समय से इस मार्ग को चौड़ा करने की मांग की जा रही थी। अब विभाग की ओर से एस्टीमेट तैयार होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मुख्यालय को 17 करोड़ का बजट बनाकर भेजा 

लोक निर्माण विभाग के एसई अजीत सिंह ने बताया कि रायपुर से खरड़ रोड पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 6 किमी लंबे इस मार्ग को 18 फीट से बढ़ाकर 22 फीट चौड़ा करने के लिए 17 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा है। स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएंगी।