{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के भिवानी को मिलेगा 78 करोड़ रूपए का तोहफा, इन परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री

 

हरियाणा के भिवानी जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां आज बवानीखेड़ा की अनाज मंडी में विकास संकल्प रैली का आयोजन होगा जिसमें सीएम नायब सैनी बतौर मुख्यमंत्री अतिथि शिरकत करेंगे। बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कपूर बाल्मिकी ने बताया कि यह रैली ऐतिहासिक रहने वाली है और इसमें भिवानी ही नहीं बल्कि पूरे हरियाणा से लोग शिरकत करेंगे।

इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

CM नायब सैनी आज भिवानी दौरे पर गांव प्रेमनगर में बनने वाले 25 बेड के पंडित दीनदयाल उपाध्याय आर्युवेदिक अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना पर 9 करोड़ 59 लाख 93 हजार रुपए खर्च होंगे।

1 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपए की लागत से बनने वाली 3.20 किलोमीटर लंबी गांव नाथूवास से गुजरानी होते हुए बामला गांव तक नई लिंक रोड का शिलान्यास किया जाएगा।

इन परियोजनाओं का उद्घाटन

3 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपए से निर्मित गांव गुजरानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नई बिल्डिंग का उद्घाटन होगा।

गांव कलिंगा में 2 करोड़ 62 लाख 77 हजार से निर्मित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया जाएगा।

सिवानी उपमंडल के गांव खेड़ा में तहसील कार्यालय परिसर, कैनाल रेस्ट हाउस और स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग का उद्घाटन किया जाएगा।

बवानीखेड़ा कस्बे की जलापूर्ति योजना के तहत स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने वाली परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा।

गांव बलियाली में करीब 4 करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखेंगे।