{"vars":{"id": "141324:5161"}}

कलेक्टर रेट बढ़ने का मिलेगा फायदा, हरियाणा में TDR सर्टिफिकेट जारी करने का नया फॉर्मूला लागू 

 

चंडीगढ़। हरियाणा में शहरी विकास और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों और भू-स्वामियों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR) यानी हस्तांतरणीय विकास अधिकार नीति में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।

नई व्यवस्था के तहत अब जमीन के बदले मिलने वाले TDR सर्टिफिकेट की गणना पुराने निर्धारित रेट के बजाय उस दिन लागू कलेक्टर रेट के आधार पर की जाएगी, जिस दिन जमीन के लिए आवेदन जमा कराया जाएगा। इससे जमीन देने वाले भू-स्वामियों को मौजूदा बाजार परिस्थितियों के अनुरूप अधिक लाभ मिलने का रास्ता खुलेगा।

नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल की ओर से 16 नवंबर 2021 को जारी TDR नीति में संशोधन किया गया है। सरकार ने जमीन के मूल्यांकन, TDR सर्टिफिकेट के इस्तेमाल और उसके हस्तांतरण से जुड़े नियमों में बदलाव करते हुए नई गणना व्यवस्था निर्धारित की है।

आवेदन की तारीख का कलेक्टर रेट बनेगा आधार
संशोधित नीति का सबसे अहम बदलाव जमीन के मूल्यांकन को लेकर किया गया है। अभी तक TDR के लिए जमीन की गणना आवेदन वाले कैलेंडर वर्ष की 1 जनवरी को लागू कलेक्टर रेट से जुड़ी व्यवस्था के आधार पर होती थी। अब इस पुराने फार्मूले की जगह आवेदन जमा कराने की वास्तविक तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट को आधार बनाया जाएगा।

इसका मतलब है कि जमीन का मूल्य तय करते समय उस समय संबंधित क्षेत्र में लागू सरकारी कलेक्टर रेट को महत्व दिया जाएगा। इससे उन भू-स्वामियों को फायदा मिल सकता है, जिनकी जमीन की कीमत में समय के साथ बढ़ोतरी हुई है।

जमीन का क्षेत्रफल और लैंड यूज इंडेक्स भी होंगे अहम
सरकार ने TDR सर्टिफिकेट जारी करने के लिए नोटशनल लैंड यानी काल्पनिक भूमि की गणना का फार्मूला भी स्पष्ट किया है। इसके तहत तीन प्रमुख पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। इनमें संबंधित जमीन का भारित औसत कलेक्टर रेट, सरकार के पक्ष में छोड़ी गई जमीन का कुल क्षेत्रफल और लैंड यूज इंडेक्स शामिल हैं।

इन्हीं आधारों पर जमीन के बदले मिलने वाले विकास अधिकारों का मूल्यांकन किया जाएगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य जमीन के मूल्यांकन को अधिक व्यावहारिक और पारदर्शी बनाना है।

हर TDR सर्टिफिकेट के साथ मिलेगा 2.0 FAR
संशोधित नीति में फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) को लेकर भी स्पष्ट प्रावधान किया गया है। अब प्रत्येक TDR सर्टिफिकेट के साथ 2.0 FAR निर्धारित रहेगा।

इसके अलावा किसी विशेष डेवलपमेंट प्लान के तहत जारी किए गए TDR सर्टिफिकेट का इस्तेमाल उसी विकास योजना में या राज्य के किसी ऐसे डेवलपमेंट प्लान में किया जा सकेगा, जिसकी संभावित विकास क्षमता उससे कम हो। इस बदलाव से TDR सर्टिफिकेट के इस्तेमाल का दायरा स्पष्ट होगा और विकास अधिकारों को दूसरे स्थान पर उपयोग करने की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी।

TDR का इस्तेमाल करने पर भी लागू होगा आवेदन वाला रेट

सरकार ने केवल TDR सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि इसके हस्तांतरण और उपयोग के नियमों में भी बदलाव किया है। रिसीविंग साइट पर नोटशनल लैंड की गणना करते समय भी उसी आवेदन की तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट को आधार बनाया जाएगा, जिसके अनुसार संबंधित TDR सर्टिफिकेट जारी किया गया था।

यानी बाद में जब कोई डेवलपर या अन्य उपयोगकर्ता इस सर्टिफिकेट का इस्तेमाल करेगा, तब मूल्यांकन के लिए किसी नई तारीख का कलेक्टर रेट लागू नहीं होगा। सर्टिफिकेट जारी करने के समय निर्धारित आधार ही मान्य रहेगा।

इसके लिए संबंधित जिले के उपायुक्त की ओर से अधिसूचित कलेक्टर रेट को मान्यता दी जाएगी। TDR सर्टिफिकेट का वास्तविक उपयोग बाद में किस तारीख को किया गया, इससे पहले निर्धारित कलेक्टर रेट में बदलाव नहीं होगा।

क्या है TDR पॉलिसी और किसानों को कैसे मिलता है लाभ?
हरियाणा सरकार की TDR नीति का उद्देश्य शहरी विकास और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध करवाना है। कई बार सड़कों, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों के लिए निजी भू-स्वामियों की जमीन की जरूरत पड़ती है।

ऐसी स्थिति में जमीन देने वाले भू-स्वामियों को सीधे जमीन के बदले TDR सर्टिफिकेट जारी करने का प्रावधान है। यह सर्टिफिकेट जमीन के बदले मिलने वाले विकास अधिकारों का प्रतिनिधित्व करता है।