{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के 8 शहरों में सांस लेना मुश्किल, बहादुरगढ़ देश का सबसे प्रदूषित शहर

 

Haryana news Aaj ka Mausam : हरियाणा में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचता जा रहा है। प्रदेश के कई शहरों की हवा सांस लेने लायक नहीं रह गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित 19 शहरों में हरियाणा के 8 शहर शामिल रहे।

इनमें बहादुरगढ़ देशभर में सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 301 से 376 के बीच रहा। वहीं, प्रदेश के अन्य शहरों में भी प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

देश के सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाले 19 शहरों में हरियाणा के बहादुरगढ़, फतेहाबाद, हिसार, पंचगांव, फरीदाबाद, गुरुग्राम, बल्लभगढ़ और जींद शामिल हैं। इसके अलावा देश के 34 शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जिनमें 11 शहर हरियाणा के हैं।

इनमें करनाल, मानेसर, सिरसा, भिवानी, यमुनानगर, धारूहेड़ा, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं। प्रदेश में मौसम का मिजाज भी प्रदूषण को लेकर राहत देने वाला नहीं दिख रहा।

करनाल, पानीपत, हिसार और चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। रात का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री तक ज्यादा बना हुआ है, जबकि भिवानी में सबसे कम 13 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश के आसार हैं। सोमवार से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तेज हवाएं नहीं चलने पर प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्रदूषण केवल धूल और धुएं तक सीमित नहीं है, बल्कि हवा में मौजूद रासायनिक गैसें भी लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदूषण के बाद हवा में कई जहरीली गैसें जमा हो गई हैं। यह स्थिति किसी केमिकल बम जैसी बन सकती है। प्रदेश में प्रदूषण के स्तर को लेकर पर्यावरण विभाग के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजेश गदिया ने भी चिंता जताई है।

हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों का असर अलग-अलग स्तर पर दिखाई देता है। जमीन से 500 मीटर की ऊंचाई तक करीब 90 प्रतिशत गैसें मौजूद रहती हैं। 500 से 1000 मीटर के बीच लगभग 10 प्रतिशत गैसें धीरे-धीरे ऊपर जाती हैं।

वहीं, 1000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर गैसें नहीं पहुंच पातीं और ठंडी हवा दबाव बनाकर उन्हें जमीन के नजदीक बनाए रखती है। इस कारण प्रदूषित हवा लंबे समय तक वातावरण में बनी रहती है।

प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड, ओजोन, बेंजीन, टोल्यून और अन्य रासायनिक तत्व सांस की बीमारियों के साथ आंखों, गले और दिल पर भी असर डाल सकते हैं।

इससे आंखों में जलन, लालिमा, पानी आना, गले में खराश, नाक बंद होना, सांस फूलना और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में सांस लेने में परेशानी बढ़ने पर अस्पताल तक जाना पड़ सकता है।