हरियाणा में अग्निवीर भर्ती की तारीख फिक्स, 5 जिलों के युवाओ को मौका
Haryana Agniveer Bharti 2027 : हरियाणा में आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिसार कैंट में पांच जिलों के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती की तारीख घोषित हो चुकी है।
हिसार, जींद, फतेहाबाद, हांसी और सिरसा जिले के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती 2027 के तहत 16 से 25 जनवरी तक हिसार कैंट स्थित सेना भर्ती कार्यालय परिसर में भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैली को लेकर सेना और जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। युवाओं को ठंड से बचाने और भर्ती प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए बुधवार को हिसार में सेना के अधिकारियों और नागरिक प्रशासन के प्रतिनिधियों के बीच उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भर्ती स्थल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
युवाओं को मिलेंगी बसें, हीटर और अन्य सुविधाएं
भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की जाएंगी। भर्ती स्थल पर हीटर, कंबल, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा के विशेष इंतजाम होंगे। इसके अलावा युवाओं को बसों की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। ठंड के मौसम को देखते हुए भर्ती स्थल पर पर्याप्त हीटर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
बैठक में हिसार, जींद, फतेहाबाद, हांसी और सिरसा के प्रशासनिक अधिकारियों को भर्ती रैली के दौरान व्यवस्थाएं संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई। हिसार बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से सेना भर्ती कार्यालय तक युवाओं के आवागमन के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
CCTV और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
भर्ती स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस बल और मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि पांचों जिलों से आने वाले युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।