{"vars":{"id": "141324:5161"}}

जींद में 85 लाख से बनेगी सड़क, मंत्री ने किया शिलान्यास

 

Jind news : जींद के नरवाना में रेलवे स्टेशन से अग्रसेन चौक व रेलवे स्टेशन से महावीर चौक तक दो सड़कों का कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण कार्य पर 85 लाख रुपये खर्च आएंगे। मंत्री कृष्ण बेदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आधारभूत ढांचा की मजबूती ही असल में प्रदेश के विकास का आधार होता है।

इसी विजन पर फोकस रखते हुए नरवाना में भी गांव दर गांव, मोहल्ला, ढाणी और शहर की प्रत्येक कालोनी में सड़क तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र वासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति, उत्तम शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्याप्त पेयजल आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएं और सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और इससे नरवाना विकास की राह पर भविष्य में चमकता नजर आएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के बिछाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से आमजन को दिनचर्या में जहां सुलभता का एहसास होता है, वही निवेशकों का भी क्षेत्र के प्रति रुझान बढ़ता है। इससे व्यापार और कारोबार को बढ़ावा मिलता है, साथ ही रोजगार के अवसर भी सृजित होते है।

इससे भविष्य में शिक्षित युवाओं को सीधा-सीधा लाभ लाजिमी मिलेगा। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने शासन को वास्तव में जन सेवा का मध्यम बनाया है। मौजूदा सरकार गत समय के दौरान प्रचलित परंपरा सरकारी नौकरियों की बिक्री, तबादला के व्यापार और विकास कार्यों में ठेकेदारी जैसी सामंत साही प्रकिया पर पूर्णतया पाबंदी लगाई है।

उन्होंने कहा कि आमजन को सरकार में होने का एहसास हो रहा है। बिना भेदभाव के गांव और शहर का विकास किया जा रहा है, विकास परियोजनाओं के रूप में लोगों को बड़ी सौगात मिल रही है, जिससे चहुंमुखी विकास का नया दौर शुरू हुआ है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के निर्माण में किसी प्रकार की धांधली नहीं होगी और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर चेयरमैन अमित ढाकल, हंसराज समैन, विरेंद्र नैन, तेजपाल शर्मा, मोहन लाल गर्ग, सतीश गोयल, दिनेश गोयल, बलकार सिंसर, विनय मित्तल, संजय बल्हारा, जसवीर नैन मौजूद रहे।