गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक बसों का नया नेटवर्क तैयार, 20 रूटों पर 100 नई ई-बसें उतारी, देखें रूट
New Electric buses : गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहरवासियों को अब आवागमन के लिए कैब और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत गुरुग्राम को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार शाम सेक्टर-48 में तैयार किए गए नए इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन करने के साथ ही बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों का संचालन शहर के 20 निर्धारित रूटों पर किया जाएगा।
इन मार्गों को इस तरह तैयार किया गया है कि शहर के प्रमुख आवासीय सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशनों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो सके। बसों के रूट पहले ही निर्धारित कर दिए गए थे और पिछले करीब एक महीने से इनका ट्रायल चल रहा था। अब सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को नियमित सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प मिलेगा।
सेक्टर-48 में बना आधुनिक बस डिपो, सेक्टर-10 में भी चार्जिंग की व्यवस्था
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-48 में विशेष डिपो विकसित किया गया है। यहां बसों की पार्किंग, चार्जिंग और रखरखाव से जुड़ी सुविधाएं तैयार की गई हैं। इसके अलावा सेक्टर-10 स्थित पुराने बस डिपो में भी इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
इस बुनियादी ढांचे के तैयार होने से बसों के नियमित संचालन में सुविधा रहेगी। एक साथ 100 इलेक्ट्रिक बसों को सड़क पर उतारने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
पुरानी सीएनजी बसों की जगह इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा
गुरुग्राम में अब तक स्थानीय परिवहन के लिए लगभग 150 सीएनजी बसें संचालित हो रही थीं। इनमें से कई बसें पुरानी हो चुकी थीं और उनकी स्थिति भी अच्छी नहीं थी। ऐसे में नई इलेक्ट्रिक बसों का आगमन शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इलेक्ट्रिक बसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनके संचालन के दौरान धुआं नहीं निकलता। इससे वाहनों से होने वाले स्थानीय वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
मेट्रो स्टेशन और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचना होगा आसान
नई बस सेवा से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। शहर के अलग-अलग हिस्सों को मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशन और औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने वाले रूट तैयार किए गए हैं।
इससे यात्रियों को छोटी दूरी के सफर के लिए महंगी कैब और टैक्सी का विकल्प चुनने की जरूरत कम पड़ेगी। सार्वजनिक परिवहन के जरिए कम खर्च में शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचना आसान होगा।
इन 20 रूटों पर होगा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
गुरुग्राम में पहुंची 100 इलेक्ट्रिक बसों को 20 अलग-अलग मार्गों पर चलाया जाएगा। प्रत्येक मार्ग पर बसों की संख्या भी निर्धारित की गई है।
1. रूट नंबर 307: आईएमटी चौक से द्वारका सेक्टर-21 तक 3 बसें चलेंगी।
2. रूट नंबर 315: हैबिटेट, सेक्टर-99ए से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन तक 5 बसें संचालित होंगी।
3. रूट नंबर 316: मिलेनियम सिटी से सेक्टर-37, पेस सिटी तक 3 बसें चलेंगी।
4. रूट नंबर 317: कॉन्सिएंट हैबिटेट, सेक्टर-99ए से केंद्रीय विहार तक 6 बसें उपलब्ध रहेंगी।
5. रूट नंबर 318: महावीर चौक (गौशाला ग्राउंड) से भोंडसी पुलिस चौकी तक 5 बसें चलेंगी।
6. रूट नंबर 319: थाना मोड़ से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक 5 बसों का संचालन होगा।
7. रूट नंबर 254ए: थाना मोड़ से गुरुग्राम बस स्टैंड तक 5 बसें चलेंगी।
8. रूट नंबर 254बी: पटौदी रोड रेलवे स्टेशन, हेलीमंडी से गुरुग्राम बस स्टैंड तक 5 बसें संचालित होंगी।
9. रूट नंबर 320: महावीर चौक से एंबियंस मॉल तक 5 बसें चलेंगी।
10. रूट नंबर 321: डूंडाहेड़ा से सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन तक 5 बसों की सुविधा मिलेगी।
11. रूट नंबर 322: धनकोट से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक 5 बसें चलेंगी।
12. रूट नंबर 323: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से थाना मोड़ तक 5 बसें संचालित होंगी।
13. रूट नंबर 324: बीपीटीपी, सेक्टर-37डी से टाटा इंटेलियन पार्क, सेक्टर-58 तक 5 बसें चलेंगी।
14. रूट नंबर 325: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक 5 बसें उपलब्ध रहेंगी।
15. रूट नंबर 326: राम मंदिर, पालम विहार से टाटा इंटेलियन पार्क, सेक्टर-58 तक 5 बसें चलेंगी।
16. रूट नंबर 328: महावीर चौक से सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन तक 5 बसों का संचालन होगा।
17. रूट नंबर 329: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से कंकरौला/भांगरौला गांव तक 5 बसें चलेंगी।
18. रूट नंबर 330: महावीर चौक से वजीरपुर टी-प्वाइंट तक 5 बसें संचालित होंगी।
19. रूट नंबर 112: गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से सेक्टर-55/56 मेट्रो स्टेशन तक सबसे अधिक 8 बसें चलेंगी।
20. रूट नंबर 127: मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, गेट नंबर-4 से सिग्रम-107/सेक्टर-107 तक 5 बसें उपलब्ध रहेंगी।