हरियाणा में 95 करोड़ से बनेगा नया फ्लाईओवर, पांच जिलों के वाहन चालकों को मिलेगी जाम से राहत
New Flyover in Rohtak : हरियाणा सरकार द्वारा नए फ्लाईओवर की मंजूरी दे दी है। 95 करोड़ से बनने वाले नए फ्लाईओवर से पांच जिलों के वाहन चालकों को राहत मिलेगी। सरकार द्वारा चार माह पहले रोहतक के जींद बाईपास पर सरकार द्वारा फ्लाईओवर बनाने की घोषणा की थी। जहां पर प्रशासन द्वारा फ्लाईओवर का प्रोजेक्ट बनाकर सरकार के पास भेजा था, जहां पर इस प्रस्ताव पर शुक्रवार को मुहर लग गई।
सरकार ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए 95 करोड़ रुपए का बजट भी स्वीकृत कर दिया है। प्रस्ताव मंजूर होने और बजट जारी होने का रास्ता साफ होने के बाद संबंधित विभाग ने निर्माण को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। करीब 1200 मीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण से शहर के इस प्रमुख चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण होने वाले हादसों में भी कमी आएगी।
विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की है। इसके अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2027-28 में निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विभाग की योजना वित्तीय वर्ष 2028-29 में निर्माण पूरा कर फ्लाईओवर को आमजन के लिए खोलने की है।
कई जिलों से आने वाले वाहनों का रहता है दबाव
जींद चौक शहर के प्रमुख चौकों में शामिल है। यहां से हिसार, हांसी, सिरसा और फतेहाबाद सहित आसपास के जिलों की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के साथ भारी वाहनों की आवाजाही होती है। वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण चौक पर अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। वहीं, यातायात के दबाव और वाहनों के चलते हादसों का खतरा भी बना रहता है। दूसरी तरफ माता दरवाजा के माध्यम से शहर तक पहुंचा जा सकता है।
इसके अलावा नया बस स्टैंड और हिसार रोड भी इसी चौक से जुड़े हैं। इस कारण स्थानीय लोगों के साथ दूसरे जिलों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी यहां से गुजरना पड़ता है। हिसार रोड पर स्थित नट-बोल्ट फैक्टरी में काम करने वाले हजारों श्रमिकों का प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन होता है। सुबह और शाम के समय श्रमिकों की आवाजाही के चलते यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण को यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी जेई नरेश कुमार ने कहा कि जींद चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव मंजूर होने के साथ ही 95 करोड़ रुपए का बजट भी स्वीकृत हो गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद 2027-28 में निर्माण कार्य शुरू कराने की योजना है। फ्लाईओवर बनने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी और सड़क हादसों का ग्राफ कम करने में मदद मिलेगी।