{"vars":{"id": "141324:5161"}}

अमेरिका से आई कॉल ने उड़ाई सरपंच की नींद, कहा 48 घंटे भीतर सरपंची छोड़ दो नहीं तो...

 

Sarpanch Threat : हरियाणा के सरपंच को अमेरिका के नंबर से कॉल कर के सरपंची छोड़ने की धमकी मिली है। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने कहा है कि 48 घंटे के भीतर सरपंची नहीं छोड़ी तो जान से मार देंगे। 

मामला कैथल जिले के बाकल गांव का है। बालक के सरपंच नरेंद्र सिंह ने पुंडरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो दिन पहले दोपहर करीब 12 बजकर 57 मिनट पर उनके मोबाइल फोन पर अमेरिका के नंबर से कॉल आई थी।

फोन उठाने पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने सीधे सरपंची छोड़ने की बात कही। उसने कहा कि उनके पास पद छोड़ने के लिए केवल दो दिन का समय है। निर्धारित समय में ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

सुपारी मिलने का दावा कर कॉलर ने दी धमकी

नरेंद्र सिंह ने बताया कि फोन करने वाले ने दावा किया कि उन्हें मारने के लिए बड़ी रकम की सुपारी देने का ऑफर आया है। उसने बातचीत के दौरान खुद को एसके बाबा ग्रुप का सदस्य बताया। कॉलर ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि वे जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। इसके बाद फोन काट दिया गया।

सरपंच को परिवार की सुरक्षा की चिंता

इस घटना के बाद सरपंच ने आशंका जताई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति या उससे जुड़े लोग उनके साथ कोई अनहोनी कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और जल्द आरोपियों तक पहुंचने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

शिकायत मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस

पूंडरी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सरपंच की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कॉल से जुड़े तथ्यों और अन्य पहलुओं की पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।