सिरसा के CDLU में सजेगा हरियाणवी संस्कृति का बड़ा मंच, 2 दिन तक युवा दिखाएंगे हुनर
Haryana News : हरियाणा के सिरसा जिला स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय यानी सीडीएलयू में 2 दिन के लिए विशेष कला एवं सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। इसका आयोजन 19 व 20 नवंबर को किया जाएगा। यहां सिरसा जिले के युवा अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मकता को मंच पर दिखाएंगे। यह दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव युवा कलाकारों को मंच देगा।
इस दौरान कुल 6 सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं करवाने का शैड्यूल तैयार किया गया है। इसके लिए विशेष रूप से नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का थीम रखा गया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य एवं जिला युवा समन्वयक अधिकारी डा. प्रवेश कुमार के अनुसार सीडीएलयू के ऑडिटोरियम और मल्टीपर्पज हॉल में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए तैयारी की जा रही हैँ।
इसमें युवाओं को सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोक गायन, नुक्कड़ नाटक, चित्रकारी एवं पेंटिंग, कविता लेखन तथा समूह लोक संगीत वाद्ययंत्र जैसी विद्याओं में अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। इस सभी प्रतियोगिताओं में जिला के 15 से 29 साल के युवा भाग ले सकते हैं।
यह रहेंगे ईनाम
इस प्रतियोगिता के लिए खासतौर पर ईनाम की व्यवस्था भी की गई है। साथ जी विजेता टीम राज्य स्तर पर अपना हुनर दिखाएंगी। इस प्रतियोगिता में युवाओं को 2,100 रुपये से लेकर 41 हजार रुपये तक की राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी।
जो भी युवा इन प्रतियोगिताओं में एकल या समूह प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं, वे सिरसा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 16 नवंबर तक पंजीकरण करवाना जरूरी है।