हरियाणा इस शहर में बीचों-बीच बनेगा 5 किमी मॉडल रोड, रोशनी, फुटपाथ और ड्रेनेज से सजेगा मुख्य मार्ग
Haryana model road : हरियाणा सरकार द्वारा हर शहर में एक पांच से 10 किलोमीटर का मॉडल रोड तैयार किया जा रहा है। इस मॉडल रोड को पूरी तरह से मॉडल बनाया जाता है यानि कि इस रोड पर न तो किसी तरह का अतिक्रमण होगा और कहीं से भी सड़क में गड्ढे नहीं होंगे। पूरे रोड पर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी और रोशनी होगी तो फुटपाथ और ड्रेनेज सिस्टम भी होगा।
महेंद्रगढ़ में शहर के विकास सुंदरीकरण और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए एक मॉडल रोड बनने जा रहा है। शहर में राव तुलाराम चौक से रेलवे स्टेशन मोड़, बालाजी चौक, पुराना चुंगी, पुराना बस स्टैंड से होते हुए निमड़ी मोहल्ला और इसके बाद देवास रोड से होकर महाराजा अग्रसेन चौक तक यह मॉडल रोड बनेगा और शहर के कई हिस्सों को आपस में जोड़ने का काम करेगा।
रोड के निर्माण के लिए स्थानीय प्रशासन ने फाइल अप्रूवल के लिए सरकार के पास भेज दी है। वहां से स्वीकृति और बजट मिलते ही सड़क पर काम शुरू हो जाएगा।
5 किलोमीटर लंबा होगा मॉडल रोड
कई शहरों में सात से आठ किलोमीटर और कुछ शहरों में पांच किलोमीटर तक का रोड मॉडल बनाया जा रहा है। महेंद्रगढ़ में यह पांच किलोमीटर लंबा होगा। हालांकि इसमें शहर के प्रमुख मार्ग और इंडस्ट्रियल एरिया के अलावा कमर्शियल क्षेत्र जुड़ जाएंगे, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है।
सभी पैरामीटर पर खरा उतरेगा मॉडल रोड
सरकार द्वारा मॉडल रोड बनाने की योजना के कुछ पैरामीटर निर्धारित किए गए हैं। यह रोड सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। उदाहरण के तौर पर पूरे पांच किलोमीटर के इस रोड पर रोशनी होगी, हर 50 मीटर पर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ होगा। किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होगा।
जलभराव नहीं होगा और मॉडल रोड पर आने वाले चौक-चौराहों को सजाया जाएगा और इनको चौड़ा भी किया जाएगा। महेंद्रगढ़ नगर पालिका के प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि उनका प्राथमिक लक्ष्य शहरवासियों को आधुनिक और सुगम ढांचा प्रदान करना है। माडल रोड का निर्माण महेंद्रगढ़ को एक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।