हरियाणा के 21 हजार कर्मियों को दिवाली का तोहफा, हर माह 2 हजार जोखिम भत्ता मिलेगा
Haryana news : हरियाणा सरकार ने 21 हजार कर्मचारियों को दिवाली पर बड़ा तोहफा दिया है। सफाई कर्मचारियों व सीवरमैन को अब हर माह 2 हजार रुपए जोखिम भत्ता मिलेगा। स्थानीय शहरी निकाय विभाग ने इसे लेकर ऑर्डर जारी करते हुए तुरंत प्रभाव से आदेश लागू करने को कहा है।
सरकार के इस फैसले से नगर निगम, नगर परिषद, नगर समिति में तैनात 21 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को फायदा होगा। सरकार की नई व्यवस्था के तहत नियमित सफाई कर्मचारियों को पहले मिलने वाला प्रदर्शन आधारित वार्षिक प्रोत्साहन बंद कर दिया जाएगा।
हालांकि अब तक कर्मचारियों को यह साल में एक बार 12 हजार और 9 हजार रुपए के रूप में प्रोत्साहन भत्ता दिया जाता था लेकिन अब हर माह 2 हजार रुपए जोखिम भत्ता मिलेगा। कुल मिलाकर एक साल में 24 हजार रुपए सैलरी से अतिरिक्त मिलेंगे।
बता दें कि 22 अक्तूबर को ही वित्त विभाग और HR यानि ह्यूमन रिसोर्स डिपार्टमेंट की सहमति के बाद प्रदेश के सभी नगर निगमों, जिला नगर आयुक्तों, नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारियों और नगर समितियों के सचिवों को आदेश जारी कर दिए हैं।
हालांकि राज्य नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश शास्त्री का कहना है कि कर्मचारियों को 2 हजार रुपए जोखिम भत्ता तो दिया जा रहा है लेकिन परफॉरमेंस अलाउंस का फैसला वापस नहीं लिया जाना चाहिए। कर्मचारियों की बेहतर कार्यशैली को लेकर प्रोत्साहन राशि दिया जाना जरुरी है ताकि उनको बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।