{"vars":{"id": "141324:5161"}}

सरकारी अस्पताल में मारपीट वीडियो वायरल मामले में 2 होम गार्ड सस्पेंड, एक कर्मचारी टर्मिनेट

 

Jind civil hospital video : हरियाणा के जींद के नागरिक अस्पताल में मरीज के साथ हुई मारपीट के मामले में शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा व एसपी उपासना अस्पताल पहुंची। यहां डिप्टी स्पीकर व एसपी ने पीडि़त मरीज व उसके परिजनों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं एसपी उपासना ने इस मामले में मौके पर मौजूद रहे दोनों होमगार्ड को लाइन हाजिर कर दिया है। डिप्टी स्पीकर ने भी मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही है। 

सिविल अस्पताल में वीरवार को रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी सन्नी अपनी पत्नी भावना के साथ इमरजेंसी वार्ड में उपचार के लिए आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां मौजूद चिकित्सक ने उनकी कोई सुध नही ली। वह लगातार एमएलआर कटवाने की बात कहते रहे लेकिन कार्रवाई नही की गई।

सन्नी के अनुसार यहां तीन घंटे तक उसे व उसकी पत्नी को उपचार नहीं मिला। दर्द बढऩे पर उसने डाक्टर से दर्द की दवा देने को कहा लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने डाक्टर के पास बार-बार जाने पर उसे धमकाया। उसने दवा देने या रेफर करने की बात कही तो गार्ड ने उस पर थप्पड़ व मुक्कों से हमला कर दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। 

नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उपचार के लिए आए व्यक्ति साथ सीटी स्कैन सेंटर के निजी गार्ड द्वारा मारपीट किए जाने के मामले को विधानसभा उपाध्यक्ष और जींद के बीजेपी विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि इस घटना ने सिविल अस्पताल में नए डॉक्टर्स की कार्यप्रणाली को फिर गंभीर सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है।

वहीं इसी बीच एसपी उपासना ने उन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया हैए जो मारपीट की इस घटना के समय अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड में थे और मूकदर्शक बने मारपीट को देख रहे थे।  इस घटना की जानकारी विधानसभा उपाध्यक्ष को चंडीगढ़ से जींद आते रास्ते में मिली थी।

वह सीधे सिविल अस्पताल पहुंचे और सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली को तलब किया। पीडि़त सन्नी व उसकी पत्नी भावना के साथ मारपीट के दोषी तथा इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक के खिलाफ  कार्रवाई करने को कहा। डा. मिड्ढा ने कहा कि बीमार बच्ची के पिता के साथ अस्पताल में मारपीट शर्मनाक है। उन्होंने सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली को भी खरी खोटी सुनाई कि अस्पताल में मरीजों के साथ डॉक्टर्स द्वारा बुरा व्यवहार किए जाने की शिकायतों पर सिविल सर्जन कार्रवाई नहीं कर रही।

दूसरी तरफ  एसपी उपासना को जब यह पता चला कि सिविल अस्पताल में व्यक्ति के साथ मारपीट के समय कुछ होमगार्ड मौके पर मौजूद थे और उन्होंने मारपीट करने वाले को टोका नहीं तो एसपी ने उन होमगार्ड को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।